ढाका। बंगलादेश में खसरे की बढ़ती संक्रमण दर में तेजी और बच्चों की मौतों में लगातार वृद्धि को देखते हुए सरकार रविवार से देशव्यापी आपात टीकाकरण अभियान (emergency vaccination campaign) शुरू करने जा रही है। डेढ़ वर्ष से जारी राजनीतिक अस्थिरता के कारण स्वास्थ्य क्षेत्र पर पड़े प्रभाव के बीच वर्तमान प्रशासन अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से टीके की व्यवस्था करने में जुटा है। अधिकारियों के अनुसार, इस आपात अभियान का उद्देश्य देशभर में तेजी से फैल रहे संक्रमण को नियंत्रित करना है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन (Sardar Mohammad Sakhawat Hossain) ने बताया कि सरकार गावी (वैक्सीन और टीकाकरण के लिए वैश्विक गठबंधन) से 2.19 करोड़ से अधिक खसरा टीकों की खुराक उधार लेगी, जिन्हें बाद में लौटाया जाएगा।
उन्होंने सचिवालय में हुई बैठक के बाद कहा कि अभियान की शुरुआत उच्च जोखिम वाले उपजिलों से की जाएगी और बाद में इसे छह महीने से 10 वर्ष तक के सभी बच्चों तक विस्तारित किया जाएगा। अभियान से जुड़े सभी स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गयी हैं। इस बीच, खसरे के प्रकोप ने देश के स्वास्थ्य ढांचे पर गंभीर दबाव डाला है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में चार और बच्चों की मौत के साथ इस वर्ष अब तक मृतकों की संख्या 44 तक पहुंच गयी है।
सरकारी अधिकारियों ने स्वीकार किया है कि व्यापक मृत्यु पंजीकरण प्रणाली के अभाव में वास्तविक आंकड़ा इससे अधिक हो सकता है। यह प्रकोप ढाका, चटगांव, राजशाही और मयमनसिंह समेत कई क्षेत्रों में फैल चुका है, जहां अस्पतालों पर दबाव बढ़ रहा है। मोहाखाली स्थित संक्रामक रोग अस्पताल सहित कई चिकित्सा संस्थानों में, विशेषकर अपूर्ण या बिना टीकाकरण वाले बच्चों में मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, खसरे के मामलों में यह वृद्धि टीकाकरण कवरेज में आई गिरावट का परिणाम है। पूर्ववर्ती सरकार के दौरान जहां टीकाकरण दर 93 से 100 प्रतिशत तक थी, वहीं 2024 के बाद इसमें गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर लगभग 59.6 प्रतिशत तक पहुंच गयी है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Apr 01 , 2026, 06:36 PM