मुंबई: दक्षिण भारतीय फिल्मों के मेगास्टार रामचरण ने फिल्म 'पेड्डी' के लिये आठ महीने तक हर दिन कड़ी मेहनत की है। 'पेड्डी' 2026 की सबसे ज्यादा अवेटेड फिल्मों में से एक बनकर उभरी है, जिसमें ग्लोबल स्टार राम चरण लीड रोल में हैं। इस फिल्म में जान्हवी कपूर और जगपति बाबू भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। जब से इस फिल्म का अनाउंसमेंट हुआ है, फैंस और इंडस्ट्री के बीच इसे लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है।
मेकर्स ने हाल ही में 'पेड्डी पहलवान' की झलक दिखाई है, जिसमें राम चरण का कुश्ती के लिए गजब का ट्रांस्फॉर्मेशन दिखा है, और यह वाकई इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन ट्रांस्फॉर्मेशन्स में से एक है। जहां हम राम चरण को एकदम अलग फिजीक में देख रहे हैं, वहीं निर्देशक बुच्ची बाबू सना ने उनके इस सफर के बारे में बताया है। बुच्ची बाबू सना ने रामचरण के इस नए लुक के पीछे की ट्रेनिंग के बारे में डिटेल में बताया। उन्होंने कहा, "रामचरण ने बहुत मेहनत की है, एक पहलवान जैसी बॉडी पाने के लिए लगभग आठ महीने तक हर दिन ट्रेनिंग की।
उनका अनुशासन सिर्फ ट्रेनिंग तक ही सीमित नहीं था, अयप्पा दीक्षा के दौरान उन्होंने मांसाहारी खाने से भी पूरी तरह दूरी बनाए रखी।" बुच्ची बाबू सना ने बताया, "हर पहलवान ट्रेनिंग के लिए मुग्दर का इस्तेमाल करता है। 'पेड्डी' में उनके किरदार का गदा के साथ एक गहरा जुड़ाव है, जिसे वे अपने वर्कआउट के हिस्से के रूप में इस्तेमाल करते हैं।
उन्होंने इसके साथ जमकर ट्रेनिंग की है, और फाइट सीक्वेंसेस में भी इसका इस्तेमाल मिट्टी और पारंपरिक कुश्ती के सेटअप के साथ दिखाया गया है।" बुची बाबू सना द्वारा लिखित और निर्देशित 'पेड्डी' ,वेंकट सतीश किलारु द्वारा उनके बैनर 'वृद्धि सिनेमाज' के तहत और मशहूर प्रोडक्शन हाउस 'माइथ्री मूवी मेकर्स' के सहयोग से प्रोड्यूस की गई है। यह फिल्म 30 अप्रैल, 2026 को रिलीज होने वाली है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Mar 31 , 2026, 08:55 AM