कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में आयोजित इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव-2026 (International Buddhist Conclave-2026) के दूसरे दिन निवेश, पर्यटन और औद्योगिक संभावनाओं पर व्यापक चर्चा हुई। महापरिनिर्वाण स्थल पर आयोजित विशेष सत्र में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। सत्र को संबोधित करते हुए स्थानीय सांसद विजय कुमार दुबे (Vijay Kumar Dubey) ने कहा कि कुशीनगर वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण बौद्ध पर्यटन स्थल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। उन्होंने क्षेत्र को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए उपयुक्त बताते हुए कहा कि कृषि संसाधनों की प्रचुरता यहां निवेश के लिए मजबूत आधार प्रदान करती है, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
पूर्व आईएएस दीपक अग्रवाल से संबद्ध कंपनी द्वारा प्रदेश में बड़े स्तर पर निवेश की योजना प्रस्तुत की गई। वक्ताओं ने बताया कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और ऑयल इंडिया के सहयोग से प्रदेश में 25 बायो-सीएनजी प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। प्रत्येक प्लांट से प्रतिदिन लगभग 15 हजार किलोग्राम बायो-सीएनजी उत्पादन होगा। इस परियोजना के तहत करीब 3000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिसमें से 1000 करोड़ रुपये की लागत से 8 प्लांट्स पर कार्य शुरू हो चुका है। कुशीनगर में लगभग 5000 टन सीएनजी उत्पादन की योजना है, जिससे करीब 45 हजार घरों को एक वर्ष तक गैस आपूर्ति संभव होगी। वक्ताओं ने इसे स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अपर मुख्य सचिव (पर्यटन) मुकेश मेश्राम (Mukesh Meshram) ने कहा कि यह कॉन्क्लेव कुशीनगर की पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। वहीं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनपद में निवेश और आधारभूत संरचना के तेजी से हो रहे विकास, जैसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (international airport), सड़क नेटवर्क और लॉजिस्टिक सुविधाओं के विस्तार पर प्रकाश डाला। अंतिम सत्र में पैनल चर्चा आयोजित की गई, जिसमें महापरिनिर्वाण स्थल को हेरिटेज के रूप में विकसित करने, पूर्वांचल में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर, सस्टेनेबल टूरिज्म और अकादमिक सहयोग पर विचार साझा किए गए। फिक्की, होटल उद्योग, लखनऊ विश्वविद्यालय और एयर इंडिया के प्रतिनिधियों ने कुशीनगर की बेहतर एयर कनेक्टिविटी, डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन और विदेशी पर्यटकों को सुविधाएं बढ़ाने पर सुझाव दिए।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Apr 01 , 2026, 08:05 PM