पटना: बिहार जनता दल यूनाईटेड (JDU) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा (President Umesh Singh Kushwaha) ने सोमवार को कहा कि आगामी 16 जनवरी से प्रारंभ हो रही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) की ‘‘समृद्धि यात्रा’’ को लेकर प्रदेश की जनता में खासा उत्साह है। कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री कुमार पूरे बिहार का दौरा कर प्रगति यात्रा, सात निश्चय सहित अन्य विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा करेंगे तथा जनता से सीधे संवाद करेंगे।कुशवाहा ने कहा कि जनता के बीच जाकर संवाद करना, उनकी समस्याओं को जानना और उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण करना मुख्यमंत्री श्री कुमार की कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा रहा है। यही उनकी अनूठी शैली उन्हें देश के अन्य नेताओं से अलग पहचान दिलाती है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 में कुमार ने पहली बार ‘न्याय यात्रा’ के माध्यम से जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को नजदीक से समझा था। वर्ष 2005 से 2026 के अंतराल में श्री कुमार अब तक 15 राज्यव्यापी यात्राएँ कर चुके हैं और 16 जनवरी से अपनी 16वीं यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं। जनसेवा के क्षेत्र में यह एक ऐसा अनूठा कीर्तिमान है, जो देश के किसी अन्य मुख्यमंत्री के नाम दर्ज नहीं हो पाया है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री श्री कुमार ने लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से करीब 430 नई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की थी, जिनमें से 21 योजनाएँ पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष योजनाओं पर तेज गति से कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा ही कुमार की राजनीति का केंद्र बिंदु रहा है। इसी कारण वे सीधे जनता से संवाद स्थापित करते हैं, जिससे आम लोगों की मूलभूत समस्याओं और आवश्यकताओं को गहराई से समझा जा सके और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें। कुशवाहा ने कहा कि ‘‘समृद्धि यात्रा’’ के क्रम में श्री कुमार के द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया जाएगा। उन्होने कहा कि यह यात्रा बिहार की विकास यात्रा को नया आयाम देगी और विकसित बिहार के निर्माण की मजबूत नींव साबित होगी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jan 12 , 2026, 02:03 PM