जयपुर: कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) (नाबाद 134) की शतकीय और विक्की ओत्सवाल (Vicky Ostwal) (53) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर महाराष्ट्र ने गुरुवार को शुरुआती झटकों से उबरते हुए विजय हजारे ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी (Vijay Hazare Trophy Elite Group C) मुकाबले में गोवा के खिलाफ सात विकेट पर 249 का स्कोर बनाया। आज यहां महाराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और यह निर्णय उसके लिए घातक सिद्ध हुआ। उसने अपने शुरुआती पांच विकेट 25 के स्कोर पर गंवा दिये। अर्शिन कुलकर्णी और अंकित बावने को वासुकी कौशिक ने पहले ही ओवर में बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। अगले ही ओवर में अर्जुन तेंदुलकर ने पृथ्वी शॉ (एक) का शिकार कर लिया।
महाराष्ट्र का चौथा विकेट 11वें ओवर में सिद्धार्थ म्हात्रे (Siddharth Mhatre) (तीन) के रूप में गिरा। उन्हें वासुकी कौशिक ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। बल्लेबाजी करने आये कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान सी टी एल रक्षण (पांच) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। रामकृष्ण घोष ने गायकवाड़ के साथ कुछ संघर्ष किया और अभी वह 52 के स्कोर पर पहुंचे थे कि दर्शन मिसाल ने रामकृष्ण घोष (14) को आउटकर महाराष्ट्र की पारी को गहरे संकट में डाल दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये विक्की ओत्सवाल ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच सातवें विकेट के लिए 106 रनों की साझेदारी हुई।
ललित यादव ने 43वें ओवर में विक्की ओत्सवाल को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। विक्की ओत्सवाल ने 82 गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 53 रन बनाये। इसी दौरान ऋतुराज गायकवाड़ ने अपना शतक पूरा किया। महाराष्ट्र ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 249 का स्कोर बनाया। ऋतुराज गायकवाड़ ने 131 गेंदों में आठ चौके और छह छक्के उड़ाते हुए नाबाद 134 रनों की पारी खेली। राजवर्धन हंगारगेकर ने 19 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाये। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और तीन छक्के भी लगाये। गोवा के लिए वासुकी कौशिक ने तीन विकेट लिये। अर्जुन तेंदुलकर, दीपराज गांवकर, दर्शन मिसाल और ललित यादव ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Jan 08 , 2026, 02:59 PM