LPG Gas: एलपीजी गैस की कमी के बीच होटल-रेस्टोरेंट संचालकों से संयम बरतने की अपील!

Sun, Mar 15 , 2026, 08:05 PM

Source : Uni India

प्रयागराज। व्यावसायिक एलपीजी गैस (commercial LPG gas) की कमी को देखते हुए प्रयागराज होटल एवं रेस्टोरेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से गैस का संयमित उपयोग करने और वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने की अपील की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह (Harjinder Singh) ने कहा कि व्यावसायिक एलपीजी गैस की मौजूदा कमी से होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय प्रभावित हो सकता है। उन्होंने सभी होटल संचालकों, रेस्टोरेंट मालिकों, कैटरिंग से जुड़े लोगों और खाद्य व्यवसायियों से आग्रह किया कि वे तत्काल प्रभाव से खाना बनाने के लिए वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें।

उन्होंने बताया कि इसके लिए विद्युत उपकरण (Electrical Appliances), इंडक्शन चूल्हा, इलेक्ट्रिक तंदूर, पाइप गैस, डीजल या बिजली से चलने वाले बॉयलर जैसे विकल्प अपनाए जा सकते हैं। सिंह ने यह भी सुझाव दिया कि गैस की सीमित उपलब्धता को देखते हुए ऐसे व्यंजनों को मेनू से हटाया जाए या सीमित किया जाए जिनमें अधिक गैस की खपत होती है। सीमित और सुव्यवस्थित मेनू अपनाने से उपलब्ध गैस का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। एसोसिएशन ने कहा कि कई प्रतिष्ठानों में गैस का अनावश्यक उपयोग या अपव्यय स्थिति को और गंभीर बना सकता है। इसलिए सभी से गैस लीकेज से बचाव करने और निर्धारित सीमा से अधिक सिलेंडर का भंडारण न करने की अपील की गई है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि व्यावसायिक गैस का दुरुपयोग न हो और रसोई संचालन पर विशेष निगरानी रखी जाए।

उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों से इस कठिन समय में एकजुट होकर प्रशासन और गैस आपूर्ति से जुड़े विभागों का सहयोग करने की अपील की। साथ ही अधिकारियों से भी गैस की आपूर्ति जल्द सामान्य कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups