मुंबई: घरेलू शेयर बाजारों में दो दिन की तेजी के बाद शुक्रवार को फिर गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक दो प्रतिशत से ज्यादा फिसल गये। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,690.23 अंक (2.25 प्रतिशत) टूटकर 73,583.22 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 486.85 अंक यानी 2.09 प्रतिशत नीचे 22,819.60 अंक पर बंद हुआ।
विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के कारण आज शुरू से ही बाजार पर दबाव रहा। डॉलर की तुलना में रुपये के कमजोर पड़ने से निवेश धारणा और प्रभावित हुई। रुपया आज 89 पैसे टूटकर 94.85 रुपये प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद हुआ। चौतरफा बिकवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों पर भी दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.13 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.74 प्रतिशत उतर गया।
सभी सेक्टर लाल निशान में बंद हुए। सुबह बढ़त में रहने वाला आईटी सूचकांक भी अंत में गिर गया। बैंकिंग, रियलटी, ऑटो, रसायन, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, वित्त, एफएमसीजी, धातु, तेल एवं गैस और फार्मा सेक्टरों में अधिक दबाव देखा गया। एनएसई में जिन 3,388 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,813 के शेयर लाल निशान में और 503 के हरे निशान में रहे। अन्य 72 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 26 के शेयर गिर गये। रिलायंस इंडस्ट्रीज में सबसे अधिक 4.55 प्रतिशत और इंडिगो में 4.54 प्रतिशत की गिरावट रही। बजाज फाइनेंस का शेयर 4.32 फीसदी, भारतीय स्टेट बैंक का 3.82, इटरनल का 3.76 और एचडीएफसी बैंक का 3.26 प्रतिशत फिसल गया।
बजाज फिनसर्व का शेयर 2.96 फीसदी, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.85, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.78, एशियन पेंट्स का 2.77, अडानी पोर्ट्स का 2.76, मारुति सुजुकी का 2.49, एलएंडटी का 2.27, ट्रेंट का 2.25, बीईएल का 2.14 और आईसीआईसीआई बैंक का 2.03 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।
टाटा स्टील का शेयर 1.73 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.44, एक्सिस बैंक और टाइटन दोनों का 1.41, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.36, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.35 और टेक महिंद्रा का 1.28 प्रतिशत उतर गया। इंफोसिस, एनटीपीसी और आईटीसी के शेयर भी लाल निशान में रहे। टीसीएस और भारती एयरटेल के शेयरों में लिवाली रही।
वैश्विक स्तर पर एशिया में शुरुआती कारोबार में जापान का निक्केई 0.43 प्रतिशत टूट गया। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.63 फीसदी और हांगकांग का हैंग सेंग 0.38 फीसदी की बढ़त में रहा। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.28 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.37 प्रतिशत नीचे था।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Mar 28 , 2026, 09:13 AM