Protest: भाजपा का विरोध करते करते कांग्रेस भारत के खिलाफ खड़ी नजर आ रही है: संबित पात्रा

Tue, Mar 17 , 2026, 05:58 PM

Source : Uni India

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुये कहा है कि कांग्रेस आज भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के विरोध में बोलते-बोलते भारत के खिलाफ खड़ी नजर आ रही है। पात्रा ने मंगलवार को संसद परिसर में पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि अमेरिका की संस्था यूनाइटेड स्टेट कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलिजियस फ्रीडम (USCIRF) ने मार्च 2026 की रिपोर्ट में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS)और देश की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनलेसिस विंग (रॉ) पर प्रतिबंध लगाने की बात कही है।

श्री पात्रा ने कहा कि इस रिपोर्ट पर भारत सरकार की तरफ से विदेश मंत्रालय ने अपने स्पष्ट जवाब में कहा है कि यह अमेरिकी आयोग सब्जेक्टिव (RAW) तरीके से काम करता है और इसके स्रोत विश्वसनीय नहीं हैं। श्री पात्रा ने कहा कि इस रिपोर्ट में न तो वस्तुनिष्ठता है और न ही तथ्यात्मक आधार, जिस कारण भारत सरकार ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया है। पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने इस रिपोर्ट का समर्थन किया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी भारत को बदनाम करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि 'रॉ' जैसी महत्वपूर्ण भारतीय एजेंसी के खिलाफ किसी विदेशी आयोग को टिप्पणी करने या प्रतिबंध की मांग करने का अधिकार नहीं है। इसके बावजूद कांग्रेस ऐसे बयानों के समर्थन में खड़ी दिखाई दे रही है।

श्री पात्रा ने कहा कि इस आयोग में पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक डॉ. आसिफ मोहम्मद वाइस चेयर (उपाध्यक्ष) और कमिश्नर (आयुक्त) के रूप में शामिल हैं और आयोग की बैठकों में उनकी भूमिका रहती है। उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि ऐसे लोगों के प्रभाव में भारत के खिलाफ इस तरह की रिपोर्ट तैयार की जाती है। पात्रा ने कहा कि श्री राहुल गांधी (Rahul Gandhi) जब विदेश जाते हैं तो कई बार भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता विदेशों में भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास करते हैं। पात्रा ने कहा कि यह अत्यंत दुखद है कि भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के विरोध में बोलते-बोलते कांग्रेस आज भारत के खिलाफ खड़ी नजर आ रही है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups