IISER Aptitude Test 2026: आईआईएसईआर एप्टीट्यूड टेस्ट-2026 के लिए पंजीकरण गुरुवार से, परीक्षा सात जून को

Wed, Mar 04 , 2026, 12:42 PM

Source : Uni India

तिरुवनंतपुरम: भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थानों (IISER) ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए सभी आईआईएसईआर परिसरों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए एप्टीट्यूड टेस्ट (IAT) 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आईआईएसईआर में प्रवेश अब केवल आईएटी 2026 के अंकों के आधार पर होगा और इसके लिए जेईई स्कोर (JEE scores) मान्य नहीं होगा।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया (online application process) गुरुवार से शुरू होगी, जबकि परीक्षा सात जून 2026 को आयोजित की जाएगी। इच्छुक छात्र आधिकारिक प्रवेश पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटआईआईएसईआरएडमिशनडॉटइन/ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसी पोर्टल पर परीक्षा केंद्रों और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अन्य जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रवेश आईआईएसईआर बेरहामपुर, भोपाल, कोलकाता, मोहाली, पुणे, तिरुवनंतपुरम और तिरुपति में दिया जाएगा।

प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की सहायता के लिए एक हेल्पडेस्क भी स्थापित किया गया है। अभ्यर्थी कार्यदिवसों में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक 91 7205457461 पर संपर्क कर सकते हैं या एएसकेरेएसी2026@आईआईएसईबीपीआरडॉटएसीडॉटइन पर ईमेल भेज सकते हैं। आईआईएसईआर तिरुवनंतपुरम के निदेशक प्रो. जरुगु नरसिम्हा मूर्ति ने संस्थान के शैक्षणिक वातावरण के बारे में कहा कि संस्थान कठोर वैज्ञानिक प्रशिक्षण के साथ जिज्ञासा-आधारित शोध को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि 2008 में स्थापना के बाद से संस्थान ने उन्नत प्रयोगशालाओं और सशक्त शैक्षणिक समुदाय के सहयोग से उच्च गुणवत्ता वाले शोध और शिक्षण की मजबूत नींव तैयार की है। उन्होंने बताया कि संस्थान ऊर्जा सुरक्षा, उन्नत सामग्री, आधुनिक चिकित्सा और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे उभरते क्षेत्रों की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को तैयार करने का प्रयास कर रहा है। आईआईएसईआर भारत सरकार द्वारा स्थापित स्वायत्त संस्थान हैं, जिनका उद्देश्य बुनियादी विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups