इस्लामाबाद। पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान ख़ान (Former captain and Prime Minister Imran Khan) को स्वास्थ्य (Health) चिंताओं के बीच अस्पताल में भर्ती (Hospital admission) कराया जाएगा। एक सरकारी मंत्री तारीक फजल चौधरी ने एक्स पर कहा, "उनके स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें मेडिकल बोर्ड से अस्पताल में शिफ़्ट करने का फ़ैसला किया गया है।" यह फ़ैसला विपक्ष द्वारा लगतारा पाकिस्तानी सरकार पर बनाए जा रहे दबाव के बीच लिया गया है।
इमरान की सेहत को लेकर दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम और वक़ार यूनिस ने भी आवाज उठाई थी। दोनों पूर्व क्रिकेटरों ने मांग की है कि जेल में बंद इमरान को बेहतर मेडिकल ट्रीटमेंट मुहैया कराया जाए। ख़बरों के मुताबिक, 73 साल के इमरान की दाईं आंख (Right eye) की रोशनी का बड़ा हिस्सा चला गया है। उनकी कानूनी टीम का दावा है कि पिछले कई महीनों से अकेले कैद काट रहे इमरान की आंखों में इंफेक्शन हुआ है, जिसकी सही देखभाल न होने की वजह से उनकी देखने की क्षमता पर गंभीर असर पड़ा है।
एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी भावनाओं को साझा करते हुए अकरम ने लिखा कि अपने कप्तान इमरान ख़ान की सेहत और उनकी तकलीफ़ों के बारे में जानना उनके लिए बेहद तकलीफदेह है। अकरम, इमरान को अपने करियर का सबसे बड़ा मार्गदर्शक मानते हैं। उन्होंने कहा, "मैं दिल से गुज़ारिश करता हूं कि ज़िम्मेदार अधिकारी इस मामले को पूरी संजीदगी से लें और उन्हें बेहतरीन मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराएं। मेरी दुआएं उनके साथ हैं कि वे जल्द सेहतमंद हों और वह दोबारा पहले की तरह सेहतमंद हो जाएं।"
वकार ने इसके तुरंत बाद लिखा, "राजनीति से अलग हटकर देखें तो हमारे राष्ट्रीय नायक, जिन्होंने हमें खेल के मैदान पर हमारी सबसे बड़ी गौरवपूर्ण जीत दिलाई, एक कैंसर अस्पताल बनाया, जिसने मेरी मां सहित अनगिनत लोगों की मदद की, आज स्वास्थ्य आपात स्थिति से जूझ रहे हैं और उन्हें तुरंत उपचार की आवश्यकता है। मैं विनम्रतापूर्वक संबंधित अधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि उन्हें समय पर उचित इलाज उपलब्ध कराया जाए। जल्दी स्वस्थ हो जाइए कप्तान।"
शोएब अख़्तर ने शनिवार को पहले कहा कि वह पिछले तीन महीनों से अमेरिका में शौकत ख़ानम कैंसर अस्पताल के लिए धन जुटाने में लगे थे। यह अस्पताल इमरान ने अपनी मां (जिनका निधन कैंसर से हुआ था) की स्मृति में बनवाया था। उन्होंने कहा, "उनकी आंख की रोशनी जाने की ख़बर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है उम्मीद है उन्हें सही और सबसे बढ़िया इलाज मिलेगा और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
शाहिद अफ़रीदी ने कहा कि चिकित्सा सुविधा तक पहुंच "मूल अधिकार है और इसे उपलब्ध कराया जाना चाहिए।" रमीज राजा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है "मानवता की जीत होगी।" उन्होंने लिखा, "इमरान ख़ान को पीड़ा में देखना और एक आंख की दृष्टि खोना भावनात्मक रूप से झकझोर देने वाला है।"
मोहम्मद हफ़ीज ने भी इमरान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्हें उचित चिकित्सीय सुविधा देने की मांग का समर्थन किया है।
यह अपील केवल पाकिस्तान तक सीमित नहीं रही। भारत के पूर्व बल्लेबाज़ अजय जडेजा ने शुक्रवार को पाकिस्तान के क्रिकेटरों से इमरान के समर्थन में आगे आने की अपील की।
इमरान को अगस्त 2023 में गिरफ़्तार किया गया था और कई मामलों में सज़ाएं सुनाई गई थी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Feb 15 , 2026, 01:54 PM