पौड़ी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Chief Minister Pushkar Singh Dhami) के निर्देशन में संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड बीरोंखाल की न्याय पंचायत कोटा (Kota Nyaya Panchayat) में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों द्वारा क्षेत्र की 29 शिकायतें दर्ज कराई, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके साथ ही 114 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 657 लोगों ने प्रतिभाग किया।
आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत (Officer Girish Gunwant) ने की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। शिविर के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। कई शिकायतों का समाधान उन्होंने मौके पर ही कराते हुए अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान से ग्रामीणों को शासन-प्रशासन से सीधे जोड़ना और उनकी समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायत में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करें और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख कुलदीप सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी सुदर्शन सिंह बुटोला, नोडल अधिकारी शिविर एवं कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी सतपुली संदीप तोमर, सहायक विकास अधिकारी पंचायत राजेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Feb 03 , 2026, 10:13 PM