Stock Markets: बजट के बाद 2,370 अंक लुढ़का सेंसेक्स!

Sun, Feb 01 , 2026, 09:21 PM

Source : Uni India

मुंबई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) के वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करने के बाद घरेलू शेयर बाजारों (Domestic stock markets) में रविवार को विशेष सत्र के दौरान बड़ी गिरावट देखी गयी। बीएसई (BSE) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 2,826 अंक के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में 1,546.84 अंक (1.88 प्रतिशत) टूटकर 80,722.94 अंक पर बंद हुआ जो 30 सितंबर 2025 के बाद का निचला स्तर है।

बाजार बजट से पहले तेजी में था और एक समय सेंसेक्स 456 अंक चढ़कर 82,726.65 अंक पर पहुंच गया था। लेकिन वित्त मंत्री का बजट भाषण समाप्त होते-होते सूचकांक तेजी से गिर गया। कुछ ही देर में यह 2,370 अंक गिरकर 79,899 अंक तक उतर गया था जो बीच कारोबार में गत 01 सितंबर के बाद का निचला स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 495.20 अंक यानी 1.96 प्रतिशत की गिरावट में 30 सितंबर के बाद के निचले स्तर 24,825.45 अंक पर बंद हुआ। यह इसका भी पिछले साल 03 सितंबर महीने का निचला स्तर है। सूचकांक ऊपर 25,440.90 अंक और नीचे 24,571.75 अंक तक गया।

चौतरफा बिकवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों को भी नुकसान उठाना पड़ा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.06 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.73 प्रतिशत गिर गया। एनएसई में आईटी सूचकांक की 0.57 प्रतिशत की तेजी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टर गिरावट में रहे। सार्वजनिक बैंकों का सूचकांक 5.57 प्रतिशत, धातु का 4.05 प्रतिशत, तेल एवं गैस का 2.86 प्रतिशत, एफएमसीजी का 2.29 प्रतिशत, रियलिटी का 2.22 प्रतिशत, ऑटो का 2.09 प्रतिशत और निजी बैंकों का 1.22 प्रतिशत की गिरावट में बंद हुआ। एनएसई में जिन 3,227 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 2,073 के शेयर लाल निशान में और 1,054 के हरे निशान में रहे। अन्य 100 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 26 के शेयर टूट गये। भारतीय स्टेट बैंक में सबसे अधिक 5.61 प्रतिशत की गिरावट रही। अडानी पोर्ट्स का शेयर 5.53 फीसदी, बीईएल का 5.36, आईटीसी का 3.91, टाटा स्टील का 3.88, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 3.57, अल्ट्राटेक सीमेंट का 3.26 औऱ एलएंडटी का शेयर 3.06 प्रतिशत की गिरावट में रहा। बजाज फाइनेंस का शेयर 2.91 प्रतिशत, एशियन पेंट्स और एनटीपीसी दोनों के 2.87 प्रतिशत, मारुति सुजुकी का 2.75, एक्सिस बैंक का 2.33 बजाज फिनसर्व का 2.31, पावरग्रिड का 2.07 और महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.01 प्रतिशत टूट गया। इटरनल में 1.68 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक और टेक महिंद्रा दोनों में 1.59, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.53, ट्रेंट में 1.43, भारती एयरटेल में 1.11 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 0.98 और हिंदुस्तान यूनीलिवर में 0.95 प्रतिशत की गिरावट रही। टीसीएस का शेयर 1.92 प्रतिशत और इंफोसिस का 1.17 प्रतिशत से अधिक चढ़ा। सनफार्मा में 0.95 प्रतिशत और टाइटन में 0.33 प्रतिशत की बढ़त रही।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups