मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पवार के अचानक निधन से पार्टी गंभीर नेतृत्व संकट में फंस गयी है। इस बीच उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार पार्टी की कमान संभालने के लिए प्रमुख दावेदार के रूप में उभर कर सामने आयी हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सुनेत्रा पवार हाल के वर्षों में राजनीति में सक्रिय रही हैं और मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें अंतरिम रूप से नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना है। उनके साथ कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल पटेल और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे के जिम्मेदारियां साझा करने की चर्चा है।
राकांपा इस समय एक नाजुक मोड़ पर खड़ी है। हाल के महीनों में राकांपा और राकांपा (शरद पवार) के बीच पुनर्मिलन की कोशिशें तेज हुई थीं। अजित पवार ने खुद इन कोशिशों की अगुवाई की थी। उनके निधन से इन प्रयासों पर अनिश्चितता के बादल छा गये हैं। इस बीच, पार्टी के संस्थापक शरद पवार पहले ही सक्रिय राजनीति से धीरे-धीरे दूरी बनाने के संकेत दे चुके हैं। उन्होंने अपने 85वें जन्मदिन से पहले 12 दिसंबर 2025 को बारामती में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा था कि वह अब कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। नयी पीढ़ी को आगे लाने का समय आ गया है।
उन्होंने यह भी कहा था कि पिछले कई दशकों तक उन्होंने और बाद में अजित पवार ने जिम्मेदारियां संभालीं, लेकिन अब नये नेतृत्व की व्यवस्था करनी होगी। परिवार और पार्टी, दोनों जगहों पर हालात तेजी से बदले हैं। जून-जुलाई 2023 के घटनाक्रम और 2024 के लोकसभा व विधानसभा चुनावों के बाद, बीते छह महीनों में दोनों गुटों के बीच एकता की गंभीर कोशिशें हुई थीं। पार्टी कार्यकर्ता भी पुनर्मिलन के पक्ष में थे। विधानसभा चुनावों में राकांपा ने 288 में से 41 सीटें जीतकर खुद को मजबूत साबित किया, जबकि राकांपा (शरद पवार) को केवल 10 सीटों पर संतोष करना पड़ा।
राकांपा (शरद पवार) में नेतृत्व संरचना के तहत शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले कार्यकारी अध्यक्ष हैं, जबकि रोहित पवार, शशिकांत शिंदे और जयंत पाटिल जैसे नेता अहम भूमिकाओं में हैं। राकांपा में अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के अलावा उनके पुत्र पार्थ और जय पवार हैं। फिलहाल वे दोनों राजनीति में सक्रिय नहीं हैं, हालांकि जय पवार के राजनीतिक पदार्पण पर विचार चल रहा था। राज्य सरकार के स्तर पर भी स्थिति जटिल हो गई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार को अब यह तय करना है कि वित्त, योजना और आबकारी जैसे अहम विभाग संभालने वाले अजित पवार की जगह उपमुख्यमंत्री कौन होगा। बजट सत्र नजदीक होने के कारण वित्त मंत्री की शीघ्र नियुक्ति आवश्यक मानी जा रही है। राकांपा के पास फिलहाल 41 विधायक हैं और पार्टी नेता का चयन न केवल पार्टी के भविष्य बल्कि सत्तारूढ़ गठबंधन की स्थिरता के लिए भी निर्णायक साबित होगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 30 , 2026, 08:06 AM