मुंबई: बॉलीवुड के जानेमाने फिल्मकार रमेश सिप्पी (Ramesh Sippy's Birthday) आज 79 वर्ष के हो गये। रमेश सिप्पी का जन्म 23 जनवरी 1947 को कराची में एक सिंधी हिंदू परिवार में हुआ था। उनके पिता जीपी सिप्पी एक फिल्म निर्माता थे। रमेश सिप्पी जब छह साल के थे, तब उन्होंने अपने पिता की पहली फिल्म सजा के सेट का दौरा किया था। उन्हें पहली फिल्म नौ साल की उम्र में मिली, जब उन्होंने फिल्म शहंशाह में अचला सचदेव (Achala Sachdev) के बेटे की भूमिका निभाई। वर्ष 1971 में प्रदर्शित फिल्म अंदाज़ के निर्देशक बनने से पहले उन्होंने एक सहायक के रूप में सात साल तक काम किया।
फिल्म अंदाज में शम्मी कपूर, हेमा मालिनी और राजेश खन्ना ने अभिनय किया था। फिल्म अंदाज बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। उनकी दूसरी फिल्म सीता और गीता (1972), जिसमें हेमा मालिनी ने दोहरी भूमिकाएं निभायी थी बेहद सफल रही। 1975 में रमेश सिप्पी ने धर्मेंद्र ,अमिताभ बच्चन,संजीव कुमार,अमजद खान, हेमा मालिनी, जया भादुड़ी जैसे कलाकारों को लेकर शोले (Sholay) का निर्देशन किया। फिल्म शोले बॉलीवुड फिल्म इतिहास की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुयी। शोले आज भी हिंदी फिल्म इतिहास की सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों में से एक है और दुनिया भर में हिंदी फिल्म दर्शकों की पसंदीदा है। वर्ष 1980 में रमेश सिप्पी ने फिल्म शान बनायी। वर्ष 1982 में, उन्होंने दिलीप कुमार और अमिताभ बच्चन को लेकर सुपरहिट फिल्म शक्ति बनायी।
वर्ष 1985 में रमेश सिप्पी ने फिल्म सागर का निर्देशन किया। इस फिल्म में डिंपल कपाड़िया, ऋषि कपूर और कमल हासन ने मुख्य भूमिका निभायी थी। डिंपल कपाड़िया ने अपनी पहली फिल्म बॉबी के 12 साल बाद इस फिल्म से वापसी की थी। रमेश सिप्पी ने टेलिवजिन के लिये लोकप्रिय सीरियल बुनियाद बनायी। भारत के विभाजन पर केंद्रित यह सीरियल 1986 से 1987 तक दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ। इसके बाद रमेश सिप्पी ने भ्रष्टाचार (1989), अकेला (1991), और ज़माना दीवाना (1995) जैसी फिल्में निर्देशित की लेकिन सभी फिल्में बॉक्स ऑफ़िस पर फ्लॉप रहीं। इसके बाद रमेश सिप्पी ने निर्देशन को अलविदा कह दिया। लंबे अरसे के बाद रमेश सिप्पी ने वर्ष 2020 में रिलीज फिल्म शिमला मिर्ची का निर्देशन किया। इस फिल्म में राजकुमार राव, रकुल प्रीत सिंह और हेमा मालिनी की अहम भूमिका थी।
वर्ष 2013 में रमेश सिप्पी को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। वर्ष 2005 में उन्हें उनकी प्रसिद्ध फिल्म शोले के लिए 50 वर्षों की सर्वश्रेष्ठ फिल्म का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। रमेश सिप्पी ने पहली शादी गीता से शादी की। इसके बाद 1991 में रमेश सिप्पी ने अभिनेत्री किरण जुनेजा के साथ शादी की। रमेश सिप्पी ने अपने बेटे रोहन सिप्पी निर्देशित कुछ ना कहो (2003), ब्लफ़मास्टर (2005) और दम मारो दम (2011) का निर्माण किया है। वर्ष 2006 में उन्होंने टैक्सी नंबर 9211 का निर्माण किया ,जिसका निर्देशन मिलन लूथरिया ने किया था। इसके बाद रमेश सिप्पी ने चांदनी चौक टू चाइना (2009), नौटंकी साला (2013) और सोनाली केबल (2014) का निर्माण किया लेकिन कोई फिल्म सफल नहीं हुयी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 23 , 2026, 12:37 PM