Breaking News: अवैध नशीली गोलियां, कैप्सूल रखने के आरोपी को पांच साल की सजा; चार लाख के हीरे सहित एक तस्कर गिरफ्तार

Thu, Apr 02 , 2026, 12:34 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

National and State News :  राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के रावतसर के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने नशीली दवायें रखने के आरोपी को दोषी करार देते हुए पांच वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजन खत्री ने बुधवार को अभियुक्त मदनलाल को नशीली गोलियां और कैप्सूल रखने का दोषी करार देते हुए उसे पांच वर्ष की सजा सुनायी और 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। मामले के अनुसार रावतसर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 20 दिसम्बर 2019 को आरोपी मदनलाल से नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किये थे।

नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
हरिद्वार: उत्तराखंड में हरिद्वार के कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने गुरुवार को नाबालिग से मारपीट एवं छेड़छाड़ करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। यह मामला तब प्रकाश में आया जब ज्वालापुर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि मूलचंद उर्फ भूला ने उसके घर में घुसकर उसकी 14 वर्षीय बेटी से मारपीट, छेड़छाड़ और जबरदस्ती की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशों पर कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की। मुखबिर की मदद से आरोपी को शास्त्री नगर ज्वालापुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।

 घरेलू विवाद के दौरान मारपीट में बहु ने ली सास की जान, डेढ़ महीने बाद गिरफ्तार
बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान बहू द्वारा कथित रूप से की गई मारपीट में घायल वृद्ध सास की इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना 19 फरवरी की है। फरियादिया शारदा (55), निवासी ग्राम पिपरिया, ने थाना मुलताई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 9 बजे आरोपी रश्मि चिकाने उसके घर के सामने आई और बिना किसी कारण लकड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

 शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने इससे पहले अपनी सास प्रमिला बाई चिकाने (82) के साथ भी मारपीट की थी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं।  पुलिस ने प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 351(3) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। गंभीर रूप से घायल प्रमिला बाई को बाद में भोपाल के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 23 फरवरी को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मुलताई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रश्मि चिकाने (47) को घटना के लगभग डेढ़ महीने बाद कल गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

चार लाख के हीरे सहित एक तस्कर गिरफ्तार
गरियाबंद:  छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने अवैध हीरा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा के एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब चार लाख रुपये के आठ हीरे तथा 50 हजार रुपये कीमत की एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने आज यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से हीरे लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर स्पेशल टीम और थाना शोभा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टीम ने ग्राम कुसियार (बरछा-कचना) स्थित ध्रुवा मंदिर के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम डमरू लाल लहरे (52), निवासी अधिकारिगुड़ा, थाना उमरकोट, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से आठ नग चमकीले बहुमूल्य खनिज (हीरे) बरामद हुए।

 

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups