लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों के भीतर तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके बाद लगातार दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से प्रदेश में 22 जनवरी से बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा में परिवर्तन और आसमान साफ होने से बीती रात प्रदेश के पश्चिमी व मध्यवर्ती क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यह गिरावट आगामी 24 घंटे तक जारी रह सकती है। वहीं पूर्वांचल में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में क्रमिक गिरावट के बावजूद तापमान सामान्य के आसपास या इससे अधिक बने रहने की संभावना है। साथ ही कोहरे में आई कमी के कारण लोगों को ठंड से राहत बनी रह सकती है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ एके सिंह (AK Singh) ने बताया कि इसके बाद दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) प्रदेश के मौसम पर असर डालेंगे। अनुमान है कि 22 जनवरी की देर रात पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बारिश की शुरुआत होगी, जो 23 जनवरी को पूरे प्रदेश में फैलते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक व्यापक रूप ले सकती है। इसके बाद 24 जनवरी को वर्षा की तीव्रता में कमी आने की संभावना है, जबकि 25 जनवरी से मौसम के फिर से शुष्क होने के आसार हैं। बारिश के दौरान 22 से 24 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है। इस वजह से फिलहाल ठंड से मिली राहत जारी रह सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 24 से 26 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान में फिर 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद 26 जनवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में दोबारा बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद यह सामान्य से ऊपर बना रह सकता है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Jan 20 , 2026, 08:16 PM