नयी दिल्ली। दिल्ली में सोमवार सुबह ठंड घटने से जहां लोगों को राहत मिली, वहीं दिन में अधिकतम तापमान का सात साल का रिकॉर्ड टूट गया। मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार, सफदरजंग केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 7.1 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है। जनवरी के पहले तीन सप्ताह में साल 2019 के बाद से इतना गर्म दिन कभी दर्ज नहीं किया गया। पिछले साल भी जनवरी में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री पहुंचा था, लेकिन वह 30 जनवरी को रहा था। खास बात यह है कि महज चार दिन पहले तक दिल्ली में सुबह से समय शीतलहर चल रही थी और 15 जनवरी को न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम था।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को सफदरजंग केंद्र (Safdarjung center) पर न्यूनतम तापमान आठ डिग्री और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। उसके बाद दो दिन न्यूनतम तापमान सात डिग्री और अधिकतम 23-24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग ने 23 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है जिससे अधिकतम तापमान घटकर 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान बढ़कर 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस बीच, दिल्ली में वायु प्रदूषण से आज भी लोग परेशान रहे। सरकारी वेबसाइट 'सफर' के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में शाम 5.30 बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 407 रहा जो 'खतरनाक' श्रेणी में है। प्रदूषण के ऊंचे स्तर को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में इस समय ग्रैप-4 के प्रतिबंध लागू हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jan 19 , 2026, 09:22 PM