जालंधर: पंजाब में शुक्रवार को घनी धुंध और कड़ाके की ठंड (dense fog and severe cold) की वजह से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Draupadi Murmu) का जालंधर स्थित नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) में आयोजित दीक्षांत समारोह में पहुंचकर विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। सुबह से मौसम में अचानक बदलाव और घनी धुंध के कारण उड़ान न भर पाने की स्थिति बन गयी, राष्ट्रपति की सुरक्षा के मद्देनजर यह दौरा रद्द कर दिया गया। इसके बावजूद पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया (Punjab Governor Gulab Chand Kataria) कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और समारोह में शामिल हुए। राष्ट्रपति गुरुवार को अमृतसर पहुंची थी, जहां उन्होंने गुरु नानक देव विश्विद्यालय के 50वें दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया था। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। इसके तहत जालंधर, कपूरथला और भुलत्थ सब-डिवीजन के पूरे इलाके को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया था। राष्ट्रपति दौरे के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्रबंध किये गये थे। पुलिस कमिश्नरेट जालंधर की ओर से यातायात परामर्श जारी किया गया, जिसके तहत कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया।
इन जगहों पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित
जारी यातायात नक्शे के अनुसार कैंट, लांबड़ा, जंडू सिंघा, भोगपुर, आदमपुर, पठानकोट बाईपास और करतारपुर जैसे मुख्य मार्गों पर कार्यक्रम के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रखा गया। नकोदर, जंडियाला, फगवाड़ा, नवाशहर, लुधियाना, अमृतसर, मोगा और लोहीयां की ओर से गुजरने वाला यातायात सामान्य रूप से संचालित होता रहा। पुलिस कमिश्नरेट ने भारी वाहन चालकों से अपील की कि वे पूर्व-निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रतिबंधित रास्तों से बचें। आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार चलने और किसी भी असुविधा की स्थिति में संयम बनाये रखने की अपील की गयी है। सुरक्षा के मद्देनजर शहर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
चंडीगढ़ में घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी
पंजाब और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस सीजन में दूसरी बार पंजाब में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के करीब आया है। आज न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी। सबसे कम तापमान शहीद भगत सिंह नगर में 0.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। होशियारपुर और बठिंडा में तीन डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर में 3.2 डिग्री सेल्सियस और चंडीगढ़ में 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पंजाब में शीतलहर के कारण स्कूलों के खुलने और बंद होने का समय बदल दिया गया है। स्कूल अब सुबह नौ बजे की जगह 10 बजे खुलेंगे। शनिवार से शुरू होकर अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की बढ़ोतरी होगी। अठारह जनवरी से राज्य में बारिश के आसार हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 16 , 2026, 02:10 PM