हैदराबाद: तेलंगाना मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव जॉन वेस्ली ने बुधवार को केरल में चुनाव अभियान के दौरान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा की गई टिप्पणियों की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें "भ्रामक एवं विरोधाभासी" कहा। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कि "पिनारयी विजयन को वोट देना नरेन्द्र मोदी को वोट देने के समान है" और "मोदी और विजयन भाई हैं," वेस्ली ने कहा कि ऐसे बयान असंगतता एवं राजनीतिक अवसरवादिता को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि रेड्डी ने पहले तेलंगाना दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की थी और केरल चुनाव अभियान के दौरान अचानक रुख में आए बदलाव पर सवाल उठाया। शासन व्यवस्था की तुलना करते हुए श्री वेस्ली ने कहा कि केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार अपने बजट का लगभग 24 प्रतिशत शिक्षा पर खर्च करती है, जबकि तेलंगाना में यह राशि बहुत कम है। उन्होंने यह भी कहा कि केरल में स्वास्थ्य सेवाएं बहुत हद तक सुलभ एवं सस्ती हैं जबकि तेलंगाना में इनका व्यवसायीकरण बढ़ता ही जा रहा है।
माकपा नेता ने आगे आरोप लगाया कि तेलंगाना में कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए कई वादे, जिनमें रोजगार के रिक्त पदों को भरना, महिलाओं को वित्तीय सहायता, कृषि मजदूरों और किरायेदार किसानों के लिए समर्थन और गरीबों के लिए आवास शामिल हैं, अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। एलडीएफ सरकार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि केरल साक्षरता, सामाजिक न्याय, कल्याणकारी वितरण और गरीबी उन्मूलन जैसे क्षेत्रों में एक आदर्श राज्य के रूप में उभरा है, और दावा किया कि यह एकमात्र ऐसा राज्य है जिसने खुद को अत्यधिक गरीबी से मुक्त घोषित किया है।
वेस्ली ने मुख्यमंत्री रेड्डी पर इन उपलब्धियों को नजरअंदाज करके केरल के मतदाताओं को गुमराह करने का आरोप लगाया और मतदाताओं से आगामी चुनावों में एलडीएफ का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि केरल के लोग, जो अपनी जागरूकता एवं आलोचनात्मक सोच के लिए जाने जाते हैं, वे भ्रामक वक्तव्यों को खारिज कर देंगे और प्रगतिशील एवं धर्मनिरपेक्ष शासन के पक्ष में खड़े होंगे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Apr 02 , 2026, 08:42 AM