उज्जैन में बनेंगे बस और ट्रक, स्वीडन का वॉल्वो ग्रुप और आयशर कंपनी मिलकर लगाएंगी प्लांट

Tue, Mar 17 , 2026, 01:03 PM

Source : Uni India

उज्जैन: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव (Madhya Pradesh Chief Minister Dr. Mohan Yadav) के औद्योगिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयास के तहत उज्जैन में स्वीडन की विश्वस्तरीय ऑटोमोबाइल कंपनी वॉल्वो ग्रुप (Volvo Group) और भारत की आयशर मोटर्स के संयुक्त उद्यम वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (VECV) जिले में एक और बड़ा औद्योगिक निवेश करने जा रही है। इसके बाद उज्जैन में वॉल्वो के बस और ट्रक बनने लगेंगे। आधिकारिक जानकारी में बताया कि कंपनी को यूनिट के विस्तार के लिए विक्रम उद्योगपुरी फेज-2 में भी 70 एकड़ जमीन आवंटित की गई है, जहां लगभग 580 करोड़ रुपए के निवेश से अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। 

यह निवेश "मेक इन मध्यप्रदेश, मेक फॉर इंडिया" के विजन को मजबूत करते हुए उज्जैन को उभरते औद्योगिक शहर के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस नए प्लांट में गियर, एक्सल असेंबली, ट्रांसमिशन और अन्य ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स का निर्माण किया जाएगा। कंपनी का उद्देश्य अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाना और देश में तेजी से बढ़ रही कमर्शियल वाहनों की मांग को पूरा करना है। इस परियोजना से करीब 1000 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही इस निवेश से उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में हजारों लोगों के लिए अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बनेंगे। 

ऑटो पार्ट्स सप्लाई, ट्रांसपोर्ट, वेयरहाउसिंग, मशीन मेंटेनेंस, सुरक्षा और कैंटीन जैसी सहायक सेवाओं में स्थानीय युवाओं और छोटे उद्यमियों को काम मिलने की संभावना है। इससे विक्रम उद्योगपुरी के आसपास छोटे-मध्यम उद्योगों की नई सप्लाई चेन विकसित हो सकेगी। विशेषज्ञों के अनुसार देश में ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के विस्तार के कारण कमर्शियल वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में वीईसीवी का यह निवेश न केवल उत्पादन क्षमता बढ़ाएगा बल्कि मध्यप्रदेश को कमर्शियल वाहन निर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी मदद करेगा।

वीई कमर्शियल व्हीकल्स को इससे पहले वर्ष 2025 में विक्रम उद्योगपुरी के फेज-1 में 30 एकड़ जमीन आवंटित की गई थी। वहां करीब 450 करोड़ रुपए के निवेश से फैक्टरी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस यूनिट में लगभग 500 लोगों को रोजगार मिलेगा। कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक फेज-1 की फैक्टरी में अगले छह महीनों के भीतर उत्पादन शुरू होने की संभावना है। यहां पर आयशर ब्रांड के ट्रक और बसों का निर्माण किया जाएगा। इससे उज्जैन क्षेत्र में ऑटोमोबाइल उत्पादन की एक नई औद्योगिक श्रृंखला तैयार होगी।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups