Breaking News: दुष्कर्म के दोषी को दस वर्ष का कठोर कारावास, छोटे भाई की पत्नी का हत्यारोपी गिरफ्तार और भी कई खबरें पढ़ें एक क्लिक में

Sat, Mar 14 , 2026, 01:43 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

 National and State News: राजस्थान में अलवर के यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम मामलों के विशेष अदालत ने एक किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशिष्ट न्यायाधीश जगेन्द्र अग्रवाल ने शुक्रवार को अभियुक्त गुरतेज सिंह उर्फ तेजा को किशोरी से दुष्कर्म करने का दोषी मानते हुए उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी किया। मामले के अनुसार गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में अभियुक्त गुरतेज ने पीड़िता का नहाते समय वीडियो बना लिया और उसे धमकाकर उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आत्महत्या का भी प्रयास किया लेकिन समय रहते परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाकर बचा लिया।

सैयद अता हसनैन ने ली बिहार के राज्यपाल के पद की शपथ
लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने शनिवार को बिहार के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। श्री हसनैन को आज यहां बिहार लोकभवन में आयोजित एक सादे समारोह में पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू ने राज्यपाल के पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्य, विधायक और सांसद के अलावा वरिष्ठ पदाधिकारी गण मौजूद थे।

मोदी आज कोलकाता में एक रैली को करेंगे संबोधित
 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सप्ताह भर चलने वाली परिवर्तन संकल्प यात्रा के समापन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करने के लिए कोलकाता पहुंचेंगे। राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के अपने अभियान को तेज कर रही भाजपा के लिए यह रैली एक महत्वपूर्ण राजनीतिक आयोजन के रूप में देखी जा रही है। पार्टी नेताओं ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाली इस रैली को शक्ति प्रदर्शन और चुनाव अभियान के अगले चरण से पहले कार्यकर्ताओं और समर्थकों को प्रेरित करने के लिए अंतिम प्रयास किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री मोदी आज दोपहर 12:10 बजे असम के सिलचर से रवाना होंगे और अपराह्न 1:20 बजे कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से श्री मोदी हेलीकॉप्टर से रेस कोर्स हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और अपराह्न 1:45 बजे वहां पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री अपराह्न 1:55 बजे सड़क मार्ग से ब्रिगेड परेड ग्राउंड के लिए रवाना होंगे और लगभग 2:35 बजे रैली स्थल पर पहुंचेंगे।

कुख्यात बदमाश की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
 राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के हरसौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कुख्यात बदमाश महेश गुर्जर की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि महेश गुर्जर की हत्या के आरोप में शुक्रवार को चेतन उर्फ काली को गिरफ्तार करके उससे एक देशी पिस्तौल, दो कारतूस और एक खाली खोल भी बरामद किये हैं। पुलिस ने बताया कि चार मार्च की रात करीब 10 बजे महेश गुर्जर और आरोपी चेतन उर्फ काली गांव में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पूर्व में घटित किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर चेतन ने देशी पिस्तौल से महेश को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
आरोपी चेतन को न्यायालय में पेश करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

भजनलाल ने की प्रदेशव्यापी स्वच्छता संकल्प एवं जागरूकता कार्यक्रम की शुरूआत
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल से प्रदेशव्यापी स्वच्छता संकल्प एवं जागरूकता कार्यक्रम की शुरूआत की। इस अवसर पर श्री शर्मा ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में श्रमदान कर सभी को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम के सफाईकर्मियों को पीपीई किट का वितरण किया। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत प्रतिकात्मक चैक भी सौंपे। शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सभी लोगों को स्वच्छता के लिए नागरिक कर्तव्य की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रामनिवास बाग में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर सांसद मदन राठौड़, विधायक गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी एवं आमजन मौजूद थे।

हरदोई में छोटे भाई की पत्नी का हत्यारोपी गिरफ्तार
 उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के कछौना क्षेत्र में छोटे भाई की पत्नी की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि क्षेत्र के प्रतापपुर मजरा टिकारी गांव में 13 मार्च की शाम राजकुमार ने अपने छोटे भाई की पत्नी मंजू (25) को पीठ में गोली मार दी थी। परिजन घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतका के पति रामसेवक की तहरीर पर आरोपी राजकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। 

बाराबंकी में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
 उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले की स्वाट टीम व असन्द्रा पुलिस ने शनिवार को एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त रूपेंद्र उर्फ सूरज सिंह के पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भोर पुलिस गश्ती दल को कन्धवापुर मोड़ के पास सिद्धौर से रामसनेहीघाट हाइवे की ओर मोटर साइकिल से एक संदिग्ध आता दिखायी दिया, जिसे रुकने का इशारा किया गया तो वह पुलिस को देख कर भागने लगा तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग की जिससे प्रभारी स्वाट टीम अंकित त्रिपाठी के कान के पास से गोली निकल गयी जिससे वह बाल-बाल बच गए। तभी पुलिस ने भी फायरिंग की जिससे अभियुक्त के पैर में गोली लगी गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिद्धौर भेजा गया।

सारण :पांच लोगों की संदिग्ध मौत, मामले की जांच शुरू
 बिहार में सारण जिले के मशरक, पानापुर एवं इसुआपुर थाना क्षेत्र में पांच लोगों की संदिग्ध मौत तथा 10 लोगों के गम्भीर हालत में मशरक स्वास्थ्य केंद्र तथा सदर अस्पताल में भर्ती होने के बाद सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मशरक थाना एवं पानापुर थाना क्षेत्र में संतोष महतो, पंकज कुमार सिंह, एवं रघुवर महतो तथा सुकन नट एवं धर्मेंद्र राय की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई, जिसके बाद सदर अस्पताल के मेडिकल बोर्ड ने दो मृतक के बिसरा को सुरक्षित कर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की। सूत्रों ने बताया कि उक्त क्षेत्र मे 10 लोगों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र एवं सदर अस्पताल लाया गया।जिनकी चिकित्सा की जा रही है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups