इस्लामाबाद। टी20 विश्व कप (T20 World Cup) में हिस्सा लेने वाली पाकिस्तान टीम (Pakistan team) के सभी खिलाड़ियों पर पीसीबी (PCB) ने ख़राब प्रदर्शन करने के कारण 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (लगभग 16.3 लाख रूपये) का जुर्माना लगाया है। सुपर 8 स्टेज से ही पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया था और लगातार चौथी बार वे किसी आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफ़ाइनल में नहीं पहुंच सके जो पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार हुआ है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो को पता चला है कि ये जुर्माना किसी अनुशासनात्मक कारणों से नहीं लगा है बल्कि ख़ास तौर से ख़राब प्रदर्शन के कारण ही लगाया गया है। ग्रुप स्टेज में भारत के ख़िलाफ़ मैच के बाद ही ये जुर्माना लगा दिया गया था जिसमें टीम को 61 रनों से हार मिली थी। इसके बाद उनसे कहा गया था कि यदि टीम सेमीफ़ाइनल में जाती है तो उनके ऊपर से ये जुर्माना हटा लिया जाएगा।
पाकिस्तान ने दूसरे राउंड में पहुंचते ही लगातार तीसरी बार पहले राउंड से ही बाहर होने से ख़ुद को बचा तो लिया, लेकिन सुपर 8 में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहला ही मैच बारिश की भेंट चढ़ने से उनकी मुश्किलें बढ़ गईं। इसके बाद उन्हें इंग्लैंड के ख़िलाफ़ हार मिली थी। श्रीलंका के ख़िलाफ़ न्यूज़ीलैंड की शानदार जीत से उनका काम और कठिन कर दिया क्योंकि अब उन्हें अपने आख़िरी मैच में श्रीलंका के ख़िलाफ़ काफ़ी बड़े अंतर से जीत हासिल करनी थी। हालांकि, श्रीलंका के ख़िलाफ़ उनकी जीत का अंतर बेहद कम रहा जिससे उन्हें सुपर 8 से ही बाहर होना पड़ा।
पीसीबी ने पहले भी खिलाड़ियों के ख़िलाफ़ सख़्त एक्शन लिए हैं, लेकिन हर बार इसे अनुशासनात्मक कारण बताया जाता था। ईएसपीएन क्रिकइंफो को पता चला है कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम के अंदर अनुशासन से जुड़ा कोई मामला नहीं हुआ था और जुर्माना केवल और केवल उनके प्रदर्शन के लिए ही लगाया गया है। इसी वजह से पीसीबी द्वारा लगाया गया जुर्माना बेहद दुर्लभ और संभवतः अभूतपूर्व है।
पीसीबी के वर्तमान प्रशासक बड़े टूर्नामेंट्स में टीम के ख़राब प्रदर्शन को लेकर सजा देने के लिए मशहूर हैं। पांच महीने पहले एशिया कप फ़ाइनल में भारत के ख़िलाफ़ क़रीबी हार के बाद पीसीबी ने थोड़े समय के लिए अपने सारे खिलाड़ियों की एनओसी को रद्द कर दिया गया था जो उन्हें विदेशी टी20 लीग्स में खेलने के लिए जारी किए गए थे। हालांकि, जब कुछ बड़े खिलाड़ी बीबीएल खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया चले गए तो बाक़ी खिलाड़ियों पर लगी पाबंदी को भी हटा लिया गया था।
भले ही पाकिस्तानी टीम में एक ऐसा भी खिलाड़ी शामिल रहा जिसने विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, लेकिन जुर्माना सारे खिलाड़ियों के ऊपर लगेगा। साहिबजादा फ़रहान ने एक टी 20 विश्व कप में सबसे अधिक रन और दो शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Mar 03 , 2026, 02:08 PM