Punjab Needs: पंजाब को 'डबल इंजन' सरकार की जरूरत –भाजपा

Wed, Jan 14 , 2026, 08:26 PM

Source : Uni India

श्री मुक्तसर साहिब। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने 40 मुक्तों की पावन धरती श्री मुक्तसर साहिब में माघी मेले (Maghi Mela) के अवसर पर बुधवार को कहा कि चार साल बीत जाने के बावजूद पंजाब के किसान आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं जबकि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की डबल इंजन सरकार किसानों को एमएसपी पर फसल खरीद, समय पर भुगतान, फसल नुकसान का मुआवजा, स्वास्थ्य योजनाओं और सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ दे रही है।  सैनी ने आज पंजाब भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित पहली कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि पंजाब और हरियाणा सिर्फ पड़ोसी राज्य ही नहीं हैं, बल्कि दोनों को संस्कृति, इतिहास और खून के रिश्ते जोड़ते हैं। जब पंजाब पर प्राकृतिक आपदा आई, तब हरियाणा के लोग दिल खोलकर मदद के लिए आगे आए, लेकिन उस समय पंजाब की आप सरकार और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कहीं नजर नहीं आए। उन्होंने कहा कि सिख इतिहास शौर्य, बलिदान और सत्य के मार्ग का प्रतीक है। उन्होंने 40 मुक्तों की अद्वितीय शहादत को नमन करते हुए कहा कि भाई महा सिंह और माई भागो जी के नेतृत्व में मुक्तों ने दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चरणों में अपने प्राण न्यौछावर कर सच्ची मुक्ति प्राप्त की।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने अपने संबोधन में 40 मुक्तों की शहादत को नमन करते हुए श्री मुक्तसर साहिब की पवित्र धरती से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शहादत, त्याग और गुरु साहिबानों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। आज पंजाब में सिख मर्यादाओं और गुरु परंपराओं के खिलाफ सोची-समझी मुहिम चलाई जा रही है। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, दिल्ली सरकार की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आरोप लगाया कि गुरु रहित मर्यादा और गुरुद्वारों के मामलों में लगातार विवादित बयान और कदम उठाए जा रहे हैं।
वर्ष1984 के सिख नरसंहार का हवाला देते हुए तरुण चुघ ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक दोषियों को बचाया, लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मामले फिर से खोले गए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई। उन्होंने कांग्रेस के मौजूदा पंजाबी नेताओं से इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण भी मांगा। भाजपा नेता ने लोगों से अपील की कि गुरु घरों और पंजाबियत के सम्मान के लिए एकजुट होकर भाजपा का साथ दें और "गुरुओं का अपमान करने वाली ताकतों" को सत्ता से बाहर करें।
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पार्टी गुरु साहिबानों के आशीर्वाद से पंजाब की बेहतरी के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझती है और मौजूदा मुश्किल दौर से राज्य को बाहर निकालने की क्षमता केवल भाजपा के पास है। उन्होने कहा कि आज पंजाब नशों, भ्रष्टाचार, गैंगस्टरवाद और कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups