मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के थाना हाईवे अंतर्गत सतोहा चौकी क्षेत्र (Highway police station) के अजय नगर (Ajay Nagar) में शुक्रवार को उस समय भारी हंगामा हो गया, जब सूचना मिली कि इलाके में बड़े पैमाने पर गोमांस का भंडारण और कटान किया जा रहा है। इस खबर के फैलते ही दो समुदायों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया और वे आमने-सामने आ गए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी,(SP City) सीओ रिफाइनरी और कई थानों का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने अजय नगर में स्थिति को नियंत्रित करते हुए संदिग्ध घरों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान घरों के अंदर और कॉलोनी में बने एक बड़े टैंक से भारी मात्रा में संदिग्ध मांस बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मांस को जब्त कर लिया और वैज्ञानिक जांच के लिए नमूनों को वेटरनरी कॉलेज की लैब में भेज दिया है। पुलिस घरों की तलाशी ले रही थी, तभी अचानक कॉलोनी में मौजूद कबाड़ के दो गोदामों में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे इलाके में धुआं फैल गया।
माना जा रहा है कि यह आगजनी पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए की गई थी, ताकि आरोपी मौके से फरार हो सकें। आगजनी के बाद मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर अजय नगर के कई घरों से मुस्लिम समुदाय के लोग फरार हो गए। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।
हिंदू संगठनों के कड़े विरोध और बरामद मांस को लेकर पूरे दिन कॉलोनी में तनावपूर्ण शांति बनी रही। पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी तैनात कर दी गई है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 09 , 2026, 06:43 PM