रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (Power Distribution Company Limited) ने विभिन्न कारणों से वर्षों से निष्क्रिय हो चुके बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से ‘समाधान योजना’ (Samadhan Yojana) लागू की है। इस योजना के तहत लंबे समय से लंबित बिजली बिलों (electricity bills) के भुगतान की सुविधा प्रदान की जाएगी, जिससे उपभोक्ता अपनी संपत्ति में पुनः नया बिजली कनेक्शन प्राप्त कर सकेंगे। पॉवर कंपनी ने सोमवार को कहा कि प्रदेश में ऐसे लगभग 2 लाख 76 हजार निष्क्रिय उपभोक्ता हैं जिन पर करीब 175 करोड़ रुपये का बकाया है। बिल बकाया होने के कारण इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटकर मीटर निकाल लिए गए थे और उन्हें नया कनेक्शन नहीं दिया जा रहा था। ड्यूज रिकवरी एक्ट के तहत पहले नोटिस जारी किया जाता है, इसके बाद कनेक्शन विच्छेद और अंततः मीटर हटाने की कार्रवाई होती है।
कई मामलों में उपभोक्ताओं का निधन हो चुका है अथवा संपत्ति का स्वामित्व बदल चुका है, लेकिन बकाया देयक के कारण नए स्वामी को भी बिजली कनेक्शन नहीं मिल पाता। ऐसे मामलों को ध्यान में रखते हुए यह समाधान योजना शुरू की गई है।
योजना के अंतर्गत नवीन मीटर रीडर योजना के तहत कार्यरत अधिकृत स्वतंत्र मीटर रीडर निष्क्रिय उपभोक्ताओं से संपर्क कर बकाया राशि जमा कराने में सहयोग करेंगे। बकाया वसूली पर उन्हें जमा राशि का 10 से 15 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
वितरण केंद्रों द्वारा निष्क्रिय बकायादारों की प्रमाणिक सूची मीटर रीडरों को उपलब्ध कराई जाएगी। नियमित मीटर रीडिंग कार्य पूर्ण करने के बाद प्रत्येक माह की 15 तारीख से मीटर रीडर बकाया राशि जमा कराने की प्रक्रिया प्रारंभ करेंगे। यदि उपभोक्ता को बिल में किसी प्रकार की त्रुटि की शिकायत होगी, तो आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित कार्यालय में सुधार कराने में भी सहयोग किया जाएगा।
बकाया राशि जमा होने पर मांग-पत्र, नोटिस एवं पुनरीक्षित देयक प्रदान किया जाएगा। कार्यपालन अभियंता (संचारण-संधारण-शहर) द्वारा प्रतिमाह सिस्टम जनरेटेड रिपोर्ट के आधार पर मीटर रीडरों को निर्धारित प्रक्रिया अनुसार प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। भुगतान सत्यापन के दौरान देयक सूची में क्रमांक, पेज नंबर, सीआरए नंबर एवं तिथि अंकित की जाएगी। योजना के तहत कार्य करते समय अधिकृत मीटर रीडर के लिए विभाग द्वारा जारी परिचय पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jan 05 , 2026, 09:49 PM