वाराणसी। वाराणसी नगर निगम (Varanasi Municipal Corporation) शहर में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों को लेकर पूरी तरह सख्त है। इस क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल (Himanshu Nagpal) के निर्देश पर निगम की टीम ने बुधवार को संकुलधारा व डोमरी क्षेत्र में अवैध अस्थायी कब्जों को जमींदोज कर दिया। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव (Anil Yadav) के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने संकुलधारा पोखरे के समीप बंजर जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए अस्थायी अतिक्रमण को ध्वस्त कर सरकारी भूमि खाली कराई गई। अस्थायी अतिक्रमण को खाली करने के लिए निगम ने एक सप्ताह का समय दिया था। नोटिस की तामील के बाद निगम ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अस्थायी अतिक्रमण खाली मिला।
इसी क्रम में निगम की टीम ने डोमरी के आराजी नंबर 310 की सरकारी जमीन पर सलारपुर के एक व्यक्ति द्वारा कराए जा रहे अवैध निर्माण को भी ढहा दिया गया। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि इस भूमि का मामला अभी उपजिलाधिकारी के समक्ष विचाराधीन है, इसके बावजूद यहां पक्का निर्माण कराया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि इन मुक्त कराई गई जमीनों पर दोबारा कब्जा करने की कोशिश की गई, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कर दिया है कि सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध निगम का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Dec 31 , 2025, 07:37 PM