श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में शुक्रवार सुबह सीमा सुरक्षा बल (BSF) की भर्ती रैली के दौरान एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद अभ्यर्थियों पर हमला कर दिया। इस हमले में 25 से अधिक युवा घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन के पीछे सिविल लाइंस (Civil Lines) क्षेत्र स्थित बीएसएफ हेडक्वार्टर में दो दिवसीय भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे, जब अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षण और दस्तावेजों की जांच के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों () का एक विशाल झुंड उन पर टूट पड़ा। बताया जा रहा है कि मैदान के चारों ओर लगे पेड़ों पर बने छत्तों की मधुमक्खियां किसी कारणवश आक्रामक हो गईं।
इससे भर्ती स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बीएसएफ जवानों और स्टाफ ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए घायलों को वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. सुखदेव सिंह ने बताया कि प्रभावित युवाओं को एंटी-एलर्जी दवाएं और प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 25 से अधिक घायलों में से तीन की स्थिति को देखते हुए उन्हें भर्ती किया गया है, जबकि शेष का ओपीडी में उपचार चल रहा है। सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर है। बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। इस हमले के कारण भर्ती प्रक्रिया में कुछ समय के लिए बाधा जरूर आई, लेकिन अधिकारियों ने स्थिति को संभाल लिया है। बीएसएफ ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया अब सामान्य रूप से जारी है और शनिवार को भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएगी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Dec 26 , 2025, 01:20 PM