पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने शुक्रवार को गुरु गोविंद सिंह (Guru Gobind Singh) जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व (Prakash Parv) स मारोह को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान रखें, उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। कुमार ने आज गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व समारोह को लेकर की गयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इससे संबंधित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। श्री कुमार ने निरीक्षण के क्रम में प्रकाश उत्सव के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवासन सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे माइक्रो लेबल पर हर एक चीज पर नजर रखें, जिससे किसी भी श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रकाश पर्व के दौरान आ रहे सभी श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान रखें, उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि राज्य में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई कार्य किए गये हैं और एक-एक चीज पर ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर के जो सिख श्रद्धालु हैं, उनका यह महत्वपूर्ण स्थल है। बिहारवासियों के लिए तो यह गौरव की बात है कि गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज का जन्म यहीं हुआ था। यहां लोग बड़ी संख्या में बाहर से आ रहे हैं, वे खुश होकर यहां से जायें, इसका हम सभी लोगों को ध्यान रखना है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने पटना साहिब में बनाये गये 'प्रकाश पुंज' का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बहुद्देशीय प्रकाश केंद्र एवं उद्यान परियोजना में प्रदर्शित सिख धर्म के आध्यात्मिक उपदेशों, प्रदर्शों एवं कलाओं का अवलोकन किया। उन्होंने प्रकाश पुंज के सामने बनाये जा रहे निर्माणाधीन वाच टावर का भी निरीक्षण किया और तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह वाच टावर जब बन जायेगा तो यहां से श्रद्धालु प्रकाश पुंज को बेहतर ढंग से देख सकेंगे। वाच टावर परिसर को हरा-भरा एवं आकर्षक बनाया जा रहा है। यहां तालाब निर्माण के साथ-साथ घूमने एवं बैठने के लिये व्यवस्था की जा रही है जिससे यहां आने वाले श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।
श्री कुमार ने इसके बाद पटना सिटी के मालसलामी में नवनिर्मित ओ०पी० साह सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं को मिलनेवाली सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री कुमार कंगन घाट पहुँचे। उन्होंने कंगन घाट में श्रद्धालुओं के लिये बनाये गये टेंट सिटी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यहां मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण कराया जायेगा।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमण्डल के आयुक्त अनिमेष परासर, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य पदाधिकारीगण एवं प्रकाश पर्व आयोजन समिति से जुड़े लोग उपस्थित थे।
प्रेम



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Dec 26 , 2025, 01:17 PM