लखनऊ। समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav)ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज में आम जनता को विकास और सम्मान नहीं, बल्कि केवल “माटी-धोखा” ही मिला है। उन्होंने कहा कि अब स्थिति “हाता नहीं भाता” से बहुत आगे निकल चुकी है और उपेक्षा तिरस्कार में बदल चुकी है, जिसे कोई भी स्वाभिमानी समाज सह नहीं सकता। यादव ने एक्स पर लिखा “ जब किसी समाज के सामने केवल दो विकल्प सत्ता या सम्मान बचे रह जाते हैं, तब स्वाभिमानी समाज हमेशा सम्मान को ही चुनता है। यह सच्चाई किसी एक समाज तक सीमित नहीं, बल्कि हर वर्ग और समुदाय पर समान रूप से लागू होती है। भाजपा किसी की सगी नहीं है और आज “भाजपाई” कहलाना एक नकारात्मक सामाजिक पहचान बनता जा रहा है।”
उन्होने कहा कि भाजपा से जुड़े लोग अपने स्वार्थ के लिए पर्यावरण जैसी संवेदनशील धरोहरों से खिलवाड़ करते हैं, दोष-सिद्ध अपराधियों को संरक्षण और महिमामंडन देते हैं तथा दवाइयों के नाम पर ज़हरीली-नशीली चीज़ें बेचकर लोगों की ज़िंदगी खतरे में डालते हैं। उन्होंने चुनावी प्रक्रियाओं में लूट, भ्रष्टाचार, कमीशनख़ोरी और सत्ता के दुरुपयोग के गंभीर आरोप भी लगाए। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि नफ़रत और भय का वातावरण बनाकर समाज को बाँटना, संविधान और क़ानून के बजाय भीड़ और दबाव की राजनीति करना, तथा वैज्ञानिक सोच, शिक्षा और कला से डरना,यह सब मौजूदा सत्ता की कार्यशैली को उजागर करता है। उनके अनुसार इसी वजह से अमीर-ग़रीब की खाई बढ़ी है, बेरोज़गारी और महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और महिला, ग़रीब, वंचित व शोषित वर्गों के अधिकारों पर लगातार हमला हो रहा है।
उन्होंने कहा कि देशभक्त, सभ्य, मानवतावादी, ईमानदार और स्वाभिमानी समाज अब ऐसे राजनीतिक आचरण के साथ खड़ा होकर अपमान और जनाक्रोश का शिकार नहीं होना चाहता। अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि जब तक सत्ता की इस प्रकार की राजनीति समाप्त नहीं होती, तब तक समाज को बराबरी का सम्मान मिलना संभव नहीं है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Dec 26 , 2025, 01:09 PM