Breaking News: बिहार में मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में दो बाराती की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि रविवार की देर रात स्कॉर्पियो पर सवार लोग सिंहेश्वर से शादी समारोह में शामिल होने के बाद तीनकोनमा लौट रहे थे। इस दौरान करीब तीन बजे सुबह घने कुहासा के कारण स्कार्पियो अनियंत्रित होकर बलुआहा पुल के समीप करीब 100 फीट नीचे गड्ढे में गिर गयी। इस घटना में स्कार्पियो पर सवार दो बाराती की मौके पर ही मौत हो गयी ,जबकि चालक फरार हो गया। मृतकों में एक की पहचान मुरलीगंज थाना क्षेत्र के सिंगियान निवासी चंद्रकिशोर यादव (55) के रूप में हुई, जबकि दूसरे मृतक की पहचान दूल्हे के दोस्त पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी चिंटू अग्रवाल (30) के रूप में हुई है। सूत्रों ने बताया कि दूल्हे की कार भी गड्ढे में गिरी हुई थी लेकिन उसमें कोई मौजूद नहीं था। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।
शादियों में डीजे पर रोक, ट्रैफिक जाम होने पर शादी हॉल सील होंगे
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में विवाह और अन्य आयोजनों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अनियंत्रित उपयोग पर प्रशासन ने कड़ाई शुरू कर दी है। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अक्षत जैन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत नए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। इसके तहत शादियों में डीजे बजाना प्रतिबंधित रहेगा, जबकि रात 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार के लाउडस्पीकर के उपयोग पर पाबंदी होगी। चल समारोह के दौरान यातायात बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं मेरिज लॉन और हॉल संचालकों को पार्किंग और ट्रैफिक मैनेजमेंट की उचित व्यवस्था करना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक जाम मिलने पर संबंधित हॉल या लॉन को तुरंत सील किया जाएगा। आदेश उल्लंघन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई होगी। प्रशासन ने नागरिकों से नियमों के पालन की अपील की है।
एक सप्ताह में 263 लोगों के चालान, एक लाख 22 हजार रुपये जुर्माना वसूला
मध्यप्रदेश के धार में इन दिनों चलाए जा रहे यातायात जागरुकता अभियान में नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई करने के साथ सावधानी के सुझाव दिए जा रहे है। इसी क्रम में कल शाम पुलिस टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में जिस चालक को भी नियमों की अनदेखी करते देखा, उसे मौके पर ही रोका गया। पुलिस ने पहले चालक को कारण समझाया, फिर नियमानुसार चालान भी बनाया। उद्देश्य यह था कि लोग अपनी गलती समझें और आगे दोबारा ऐसा न करें। पुलिस का कहना है कि बावजूद सख्त कार्रवाई के, लोगों के व्यवहार में पूरी तरह बदलाव नहीं आ रहा है। कई लोग चालान को सिर्फ औपचारिकता समझते हैं, जबकि हकीकत ये है कि इन नियमों का पालन करना ही हादसों से बचने का अच्छा तरीका है। पुलिस का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षा की भावना विकसित करना है।
यातायात पुलिस के अनुसार एक सप्ताह में कुल 263 चालकों पर कार्रवाई करते हुए एक लाख 22 हजार 800 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इनमें सबसे ज्यादा बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले चालक थे। साथ ही चार पहिया वाहन चालक, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने का दंड लगाया गया।
कुम्हारी की फोम फैक्ट्री में भीषण आग, केमिकल ड्रम ब्लास्ट से मचा हड़कंप
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई क्षेत्र के कुम्हारी के मुरमुन्दा गांव स्थित साई इंडस्ट्रीज की फोम एवं गद्दा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में बीती रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग पर काबू पाने की कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में रखा केमिकल से भरा ड्रम अचानक विस्फोट के साथ फट गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फैक्ट्री का स्ट्रक्चर भी भरभराकर गिर पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर ब्रिगेड की 6 दमकल वाहनों की लगभग कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक फैक्ट्री में रखा पूरा सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस हादसे में लाखों रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की सूचना कुम्हारी पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Nov 24 , 2025, 12:56 PM