गांधीनगर। गुजरात की सफल सर्वग्राही विकास यात्रा के 24 वर्षों की सफलता का जश्न मनाने के लिए ‘विकास सप्ताह’ (Vikas Saptah) की मंगलवार को ‘भारत विकास प्रतिज्ञा’ से शुरूआत हुई है1 राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (Chief Minister Bhupendra Patel) सहित मंत्रियों और मुख्य सचिव पंकज जोशी एवं वरिष्ठ सचिवों द्वारा ली गई ‘भारत विकास प्रतिज्ञा’ इस प्रकार है। मैं भारत के एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में प्रतिज्ञा करता हूँ कि मैं अपने जीवन के हर पल में देश के लिए समर्पित रहूँगा। मैं स्वयं के बारे में सोचने से पहले दूसरों के कल्याण के बारे में विचार करूंगा। मैं देश के सभी संसाधनों का न्यायसंगत एवं सतत उपयोग सुनिश्चित करूंगा। मैं देश के सर्वांगीण और समावेशी विकास के लिए निःस्वार्थ भाव से निरंतर प्रयासरत रहूंगा। मैं अपने देश की समृद्ध परंपरा और विरासत पर गर्व अनुभव करूंगा तथा उसे संरक्षित रखने का निरंतर प्रयास करूंगा। मैं अपने देश के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहूंगा और उनके संरक्षण में योगदान दूंगा।
मैं जाति, धर्म या वर्ण के सभी बंधनों से मुक्त होकर, बंधुता और एकता की भावना के साथ अपने देश को सर्वोच्च प्राथमिकता दूंगा। मैं ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के आदर्श को साकार करने हेतु भारत की एकता और अखंडता की रक्षा में निरंतर प्रयासरत रहूंगा। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए अपने मन, वचन और कर्म से निष्ठापूर्वक कार्य करूंगा। हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के आदर्श को अपनाकर, मैं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देने का प्रयास करूंगा। ‘राष्ट्र प्रथम’ को अपने जीवन का मूलमंत्र बनाकर, मैं अपने देश के विकास और कल्याण हेतु तन, मन और धन से सतत कार्य करता रहूंगा।
श्री पटेल और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों, मुख्य सचिव और वरिष्ठ सचिवों एवं पदाधिकारियों ने विधानसभा पोडियम में आयोजित सामूहिक प्रतिज्ञा पठन कार्यक्रम में शामिल होकर आज ‘भारत विकास प्रतिज्ञा’ ली। देश के प्रधानमंत्री के रूप में श्री मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का जो संकल्प किया है, उसे साकार करने में अपना संपूर्ण योगदान देने के लिए सभी लोगों ने मन, वचन और कर्म से तत्पर रहने के साथ ही देश के प्रति समर्पण भाव की सामूहिक भारत विकास प्रतिज्ञा की। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सात अक्टूबर, 2001 को गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर राज्य की विकास यात्रा को एक नया आयाम दिया था। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में गुजरात की 2001 से 2025 तक की 24 वर्षों की सर्वग्राही वैश्विक विकास यात्रा की सफलता गाथा में जनभागीदारी के साथ सात से 15 अक्टूबर तक चलने वाले ‘विकास सप्ताह’ के जश्न की शुरुआत आज ‘भारत विकास प्रतिज्ञा’ से हुई।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Oct 07 , 2025, 08:45 PM