सत्ता पक्ष में खुशी तो विपक्ष में छाई मायूसी
महानगर संवाददाता
मुंबई। रविवार को देश के चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए। इन चार में से तीन राज्यों में भाजपा को जीत मिली है। इससे उत्साहित सत्ताधारी भाजपा, शिवसेना शिंदे गुट और अजित पवार गुट के नेताओं में खुशी की लहर है, वहीं विपक्षी दल कांग्रेस, यूबीटी और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद गुट) में मासूसी का माहौल है। चुनाव नतीजों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा कि चार में से तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में मिली भारी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह के अलावा प्रदेश संगठन और केंद्रीय नेताओं को जाता है। यह पीएम मोदी की पारदर्शिता और उनके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा ईमानदारी से किए गए कामों की जीत है। कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए फडणवीस ने कहा कि पीएम मोदी को पनौती बोलना कांग्रेस को भारी पड़ गया है। फडणवीस ने कहा कि नतीजे से यह भी साफ हो गया कि जनता ने इंडिया गठबंधन और राहुल गांधी के एजेंडे को खारिज कर दिया है। अब कांग्रेस पार्टी को पता चल जाएगा कि असली पनौती कौन है।
भाजपा का चेहरा मोदीः अजित पवार
उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) भाजपा का चेहरा हैं। देश की जनता को पीएम मोदी पर भरोसा है। देश की छवि को मोदी ने ऊंचा किया है। पवार ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि चुनाव परिणाम अच्छा आएगा। मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है। विपक्ष को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन अब ईवीएम की बात करेगा। जनता ने जो वोट दिया है, उसे स्वीकार करना चाहिए।
महाराष्ट्र में नहीं आएगी महायुति की सरकारः शरद पवार
विधानसभा चुनाव के आए नतीजे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि तीन राज्यों में भाजपा को मिली जीत का असर साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में नहीं होगा। महाराष्ट्र में भाजपा और उनके सहयोगी दल की सत्ता नहीं आएगी। पवार ने कहा कि पीएम मोदी का ट्रेंड चल रहा है, इसे मान्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के आए नतीजे का असर इंडिया गठबंधन पर नहीं होगा। शरद पवार ने कहा कि तेलंगाना में राहुल गांधी का जादू चला है।
कांग्रेस को आत्मचिंतन की जरूरतः प्रियंका चतुर्वेदी
शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी (Priyanka Chaturvedi) ने कहा कि तीन राज्यों में मिली हार के बाद कांग्रेस पार्टी को आत्मचिंतन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी रणनीति दिल्ली में बनाई गई थी, इसलिए सभी राज्यों में मुख्यमंत्री का उम्मीदवार भाजपा ने घोषित नहीं किया था। चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा ने पीएम मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ा था। विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि महाराष्ट्र में कुछ अलग परिणाम आएगा, प्रदेश की जनता गद्द्दार को माफ़ नहीं करेगी।
नतीजों का असर महाराष्ट्र पर नहींः पटोले
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि चार विधानसभा चुनाव के आए परिणाम में जनता ने जो आशीर्वाद दिया है, वह कांग्रेस पार्टी को स्वीकार्य है। तेलंगाना विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस पार्टी को वोट देकर जीत दिलाई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और जनता के भरोसे के कारण ही कांग्रेस को तेलंगाना में बड़ी सफलता मिली है। कर्नाटक के बाद दक्षिण भारत के दूसरे सबसे महत्वपूर्ण राज्य में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की है, जबकि दक्षिण भारत की जनता ने भाजपा के लिए दरवाजे बंद कर दिए हैं और दिखा दिया है कि भाजपा दक्षिण भारत में कट्टर एजेंडे का कोई स्थान नहीं है। पटोले ने कहा कि चार राज्यों के आए नतीजे का असर महाराष्ट्र के चुनाव में नहीं होगा।
भारत जोड़ों यात्रा का असर नहीं पड़ाः उदय सामंत
राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के भारत यात्रा का असर इन चुनावों में नहीं पड़ा। पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और केंद्र सरकार की लगातार आलोचना करना कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की हमेशा से नीति रही है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने ऐसा माहौल बना दिया था कि उनकी ही सरकार आने वाली है, लेकिन देश के मतदाताओं ने उनके इरादों को मात दे दी और तीनों राज्यों में भाजपा ने भारी अंतर से जीत हासिल की है। प्रधानमंत्री ने 9 वर्षों में देश में जो विकास की दौड़ लगाई है, देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाकर वैश्विक नेता के रूप में देखा जा रहा है, ये चुनाव के नतीजे उसी का परिणाम है।
महाराष्ट्र की जनता देवेंद्र के साथः अमृता फडणवीस
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने चुनाव नतीजे पर बोलते हुए कहा कि भाजपा अब हर जगह नंबर एक पर रहेगी। महाराष्ट्र में भी देवेन्द्र फडणवीस के पीछे जनता रहेगी। फडणवीस के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा आगे बढ़ेगी। चुनाव का परिणाम अपेक्षित था। अब से आपको हर जगह भाजपा ही भाजपा दिखेगी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Dec 03 , 2023, 09:28 AM