जौनपुर, 17 अगस्त (वार्ता)। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद (cabinet minister jitin prasad) ने गुरूवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीकृष्ण नगर (बदलापुर) में आयोजित विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र तथा प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) की सरकार विकास की ढेर सारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शहर, गांव,मजरे को नहीं बल्कि हर घर को पक्की सड़क सर जोड़ने का काम करेंगे, चूंकि सरकार की मंशा प्रदेश तथा देश के नव निर्माण की है। उन्होंने कहा कि पहले की समाजवादी पार्टी की सरकार के सापेक्ष आज विकास व कानून व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है, जो धरातल पर देखने को मिल रहा है, फिर भी परिवर्तन अभी अधूरा है। इसको अंजाम तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि समाज वादी पार्टी की सरकार में सड़कों पर गड्ढा ही गड्ढा दिखता था किन्तु हमारी सरकार में सड़कें चमाचम हैं। योगी आदित्यनाथ की सरकार में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। अपराधी खौफ में है। हमने विकास करने के साथ ही बेरोजगारों को रोजगार देने का भी ऐतिहासिक काम किया है। लोकनिर्माण मंत्री ने पंडाल में जुटी भारी भीड़ को विश्वास दिलाया कि आप सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना समर्थन इसी तरह देते रहें हम सड़को तथा पुल पुलिया के निर्माण की ढेर सारी सौगात का बौछार कर देंगे। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद एक महीने में प्रदेश की सभी सड़कें गड्डा मुक्त कर दी जाएगी। उन्होंने मंच से ही बदलापुर एवं शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के 104.335 किलोमीटर की 16688. 62 लाख रुपये की लागत 63 परियोजनाओं का बटन दबा कर लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने प्रदेश की अन्य विधानसभाओं के सापेक्ष विकास करने का एक इतिहास बनाया है। समारोह को प्रदेश के खेल कूद एवं कल्याण मंत्री गिरीश चन्द्र यादव, राज्य सभा सासद सीमा द्विवेदी, सांसद वीपी सरोज ने भी समारोह को सम्बोधित किया। विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने लोकनिर्माण मंत्री जितिन प्रसाद सहित मंचासीन सभी अतिथियों का स्वागत किया एवं लोकार्पण समारोह का संचालन सुशील मिश्र ने किया।
समारोह में नगर पंचायत की चेयरमैन सीमा सिंह, विधायक शाहगंज रमेश सिंह, पूर्व विधायक सुषमा पटेल, पूर्व विधायक डॉ़ हरेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, मुंगराबादशाहपुर के भाजपा नेता अजय दुबे अज्जू, ब्लाक प्रमुख पति विनय सिंह, भाजपा नेता मनोज सिंह आदि लोग मौजूद थे। आगन्तुकों के प्रति आभार विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने व्यक्त किया।
कैबिनेट मंत्री के द्वारा बदलापुर, भलुआाई में श्री कृष्ण नगर रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज निर्माण हेतु भूमि पूजन किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किया गया। हीरावती देवी पत्नी स्व़ पब्बर यादव को 04 लाख की सहायता राशि का स्वीकृति प्रमाण-पत्र दिया गया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Aug 17 , 2023, 07:13 AM