पटना 18 अप्रैल (वार्ता)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) ने बोचहां (सुरक्षित) विधानसभा उपचुनाव परिणाम पर आज कहा कि किसी एक जगह के उपचुनाव में हार कोई खास बात नहीं, इससे पहले का दो उपचुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने जीता था।
श्री कुमार ने सोमवार को यहां ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान बोचहां उपचुनाव परिणाम के बारे में पूछे जाने पर कहा, “एक जगह उपचुनाव में हमलोगों की हार हो गई तो ये कोई खास बात नहीं है। इससे पहले दो उपचुनाव में हमलोग भी जीते हैं। यह कोई आम चुनाव नहीं था।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार के लिये गये ही थे। सब लोग प्रचार किये ही थे। वहां क्या हुआ इसकी अभी पूरे तौर पर जानकारी नहीं है कि हार क्यों हुई। आपस में बातचीत करने से इसकी पूरी जानकारी मिलेगी कि मामला क्या था। उन्होंने कहा, “जनता मालिक है, उसको जो मन करे, उसे वोट दे। इस पर हम कभी टिप्पणी नहीं करते हैं।” श्री कुमार ने कुछ मंत्रियों की बयानबाजी के सवाल पर कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। यदि आप लोग जानकारी दीजिएगा तो वह उनसे तुरंत पूछ लेंगे। उनके पास कहीं से कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पूछ लेते हैं। ऐसा कुछ नहीं है, कोई भूल से कुछ बोल दिया हो तो उसकी बात अलग है।
मुख्यमंत्री ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिये जाने के सवाल पर कहा, “हमलोग काम भी करते हैं और बिहार को जो जरूरत रहती है उसके लिये बात भी करते रहते हैं। कौन क्या टिप्पणी कर रहा है उससे क्या मतलब। हमलोग जितना बिहार के लिये करते हैं वो सभी को पता है।”
श्री कुमार ने कहा कि मौसम को देखते हुए अभी एक-दो महीने लोगों को अलर्ट रहने की जरूरत है। राजनीतिक बातें तो होती ही रहती है, उसका उतना महत्व नहीं है लेकिन लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी लोग स्वस्थ रहें किसी को कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़े इसको लेकर सभी लोग लगे हुए हैं। उन्होंने मीडियाकर्मियों से भी लोगों को सचेत करते रहने की अपील करते हुए कहा कि यह बहुत जरूरी है। अभी सभी लोगों को सचेत रहने की जरूरत है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Apr 18 , 2022, 07:36 AM