कीव में रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों में 11 लोग घायल! अंता उपचुनाव की मतगणना के 12वें दौर में भी भाया आगे, इंडोनेशिया में भूस्खलन में दो की मौत; जानिए देश- विदेश की और भी खबरें 

Fri, Nov 14 , 2025, 12:48 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

National and International News : यूक्रेन की राजधानी कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को (Vitali Klitschko) ने बताया कि रूस की ओर से शुक्रवार तड़के कीव पर किये गये ड्रोन और मिसाइल हमलों (drone and missile attacks) में कम से कम 11 लोग घायल हो गए। श्री क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर लिखा कि घायल हुए लोगों में से एक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हमले में कई आवासीय इमारतों के साथ-साथ हीटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर (heating infrastructure) को भी नुकसान पहुँचा है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका सेवाएँ नुकसान की प्रकृति का पता लगाने और हीटिंग आपूर्ति बहाल करने के लिए काम कर रही हैं।

अंता उपचुनाव की मतगणना के 12वें दौर में भी भाया आगे
 राजस्थान के बारां जिले में अंता विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के 12वें दौर में भी कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया आगे चल रहे हैं। भाया अपने निकटतम् प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा से नौ हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं। श्री भाया को अब तक 44 हजार 74 मत मिले है तथा श्री मीणा ने 34 हजार 868 मत हासिल किये जबकि सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार मोरपाल सुमन 32 हजार 951 मतों के साथ तीसरे स्थान पर है। मतगणना के 12वें दौर तक एक लाख 15 हजार 634 मतों की गिनती हुई। जिनमें इन उम्मीदवारों के अलावा अन्य प्रत्याशियों एवं नोटा में भी मत गये है।

मिजोरम में एफएनएफ के ललथांगलियाना जीते
 मिजोरम में डंपा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मिजो नेशनल फ्रंट के डा. आर ललथांगलियाना ने अपने निकटतम उम्मीदवार जोराम पीपुल्स मूवमेंट के वनलालसेलोबो को 562 मतों से पराजित कर दिया। ललथांगलियाना को 6981 वोट मिले जबकि वनलालसेलोबो को 6419 मतों से संतोष करना पड़ा। कांग्रेस के जॉन रोतलुआंगलियाना को 2394 मत मिले और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी लालहमिंगथांगा चौथे स्थान पर रहे। भाजपा प्रत्याशी को महज 1541 मत ही मिल सके।

इंडोनेशिया में भूस्खलन में दो की मौत, 21 लापता
जकार्ता, 14 नवंबर (वार्ता) इंडोनेशिया के भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए और 21 अन्य लापता हैं।
एक अधिकारी ने शुक्रवार सुबह यह जानकारी दी। प्रांतीय आपदा प्रबंधन एवं न्यूनीकरण एजेंसी की आपातकालीन इकाई के प्रमुख मुहम्मद चोमसुल के अनुसार, सिलाकैप रीजेंसी के सिब्यूनयिंग गाँव में गुरुवार रात को हुई भारी बारिश के कारण यह भूस्खलन हुआ। उन्होंने बताया, "भूस्खलन रिहायशी इलाकों में हुआ। दो लोगों की मौत हो गई। तीन घायल हो गए और 21 अन्य लापता हो गए हैं।"

रूसी हमले में यूक्रेन की राजधानी कीव में दस इमारतें नष्ट
कीव, 14 नवंबर (वार्ता) रूसी सेना की ओर से शुक्रवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से किए गए हमले में दस आवासीय इमारतें जलकर खाक हो गईं। कीव नगर प्रशासन ने सोशल मीडिया पर बताया कि कीव पर रात भर हुए हमलों के कारण आठ ज़िलों में नुकसान की सूचना है। कीव नगर सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि पूर्वी द्निप्रोव्स्की ज़िले में कम से कम पाँच लोग घायल हुए हैं।

जनजातीय गौरव दिवस पर भैरवगढ़ जेल से दो बंदी होगे रिहा
कल राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के उज्जैन की केंद्रीय भैरवगढ़ जेल के दो बंदियों को रिहा किया जाएगा। वहीं संपूर्ण प्रदेश से 32 बंदियों को रिहा किया जाएगा। इसमें नौ आदिवासी बंदी शामिल है। आधिकारिक जानकारी में बताया कि प्रदेश की जेलों में आजीवन कारावास काट रहे 32 कैदियों को अच्छे आचरण के लिए समय पूर्व रिहाई मिलेगी। राज्यपाल मंगु भाई पटेल के निर्देशन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ये निर्णय लिया है कि 15 नवंबर को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सजा काट रहे बंदियों को समय पूर्व रिहाई दी जाएगी। इस निर्णय के साथ ही मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है, जहां वर्ष में 5 बार क्रमश: 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) ,26 जनवरी (गणतंत्र दिवस), 02 अक्टूबर (गांधी जयंती), 14 अप्रैल (भीमराव अंबेडकर जयंती) और 15 नवंबर (बिरसा मुण्डा जयंती) को सजा में छूट प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। 

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups