नयी दिल्ली: वाहनों के कलपुर्जे और लुब्रिकेंट बनाने वाली कंपनी एश्योरेंस इंटरनेशनल ने जनरल मोटर्स के स्वामित्व वाले ब्रांड एसीडेल्को के उत्पादों को भारतीय बाजार में उतारने के लिए उसके साथ करार किया है। जनरल मोटर्स के साथ आधिकारिक लाइसेंसिंग और रणनीतिक साझेदारी के तहत देश में वाहनों के लिए एसीडेल्को की बैटरियों और लुब्रिकेंट के विनिर्माण, विपणन और वितरण की जिम्मेदारी एश्योरेंस इंटरनेशनल संभालेगा। दोनों कंपनियों ने सोमवार को यहां एक कार्यक्रम में इसकी घोषणा की।
एश्योरेंस इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक राकेश शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी दोनों कंपनियों की क्षमताओं को जोड़ता है। भारत में शेवरले सेल्स इंडिया के वाणिज्यिक प्रमुख महेश रविंद्रन ने कहा, "देश में एसीडेल्को ऑटोमोटिव बैटरियों और लुब्रिकेंट को दोबारा पेश करना हमारी वैश्विक रणनीति के अनुरूप है। एश्योरेंस इंटरनेशनल की परिचालन क्षमता और स्थानीय बाजार की समझ देश में एसीडेल्को ब्रांड के विस्तार के लिए मजबूत आधार प्रदान करती है।"
इस सहयोग के तहत शुरुआती चरण में उत्पादों की श्रृंखला में वाहनों की बैटरियां और उच्च प्रदर्शन वाले लुब्रिकेंट्स शामिल होंगे, जिन्हें भारतीय परिस्थितियों में चलने वाले यात्री और वाणिज्यिक वाहनों के लिए विकसित किया गया है। कंपनी के अनुसार, स्थानीय स्तर पर निर्माण से प्रतिस्पर्धी कीमत सुनिश्चित करने के साथ एसीडेल्को से जुड़े वैश्विक गुणवत्ता मानकों को बनाये रखा जायेगा। इन उत्पादों का वितरण देश के प्रमुख वाहन बाजारों में वितरकों, रिटेलरों और सर्विस वर्कशॉप के नेटवर्क के माध्यम से किया जायेगा।
एश्योरेंस इंटरनेशनल हरियाणा के हिसार में अत्याधुनिक बैटरी निर्माण संयंत्र संचालित करती है, जहां घरेलू बाजार के लिए एसीडेल्को ब्रांड की बैटरियां तैयार की जायेंगी। वहीं लुब्रिकेंट्स का उत्पादन हिसार स्थित ब्लेंडिंग एवं पैकेजिंग संयंत्र में किया जायेगा, जहां भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप उच्च प्रदर्शन वाले इंजन ऑयल और वाहनों के अन्य फ्लूइड बनाये जायेंगे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Mar 10 , 2026, 08:26 AM