नयी दिल्ली: रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने फिनलैंड की अग्रणी फूड कंपनी फेजर के साथ एक समझौते की घोषणा की है। आरसीपीएल ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस समझौते के तहत फेजर भारतीय ग्राहकों के लिए प्रीमियम चॉकलेट और कन्फेक्शनरी उत्पाद पेश करेगी। फेजर के उत्पाद फिलहाल 40 से अधिक देशों में उपलब्ध हैं।
दोनों कंपनियां भारत में दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी के तहत फेजर के रेसिपी और गुणवत्ता मानकों के अनुसार, चॉकलेट का उत्पादन, मार्केटिंग और वितरण करेंगी। यह समझौता फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब की भारत यात्रा के दौरान किया गया। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के निदेशक टी. कृष्णकुमार ने कहा कि यह साझेदारी दुनिया की बेहतरीन चॉकलेट भारतीय ग्राहकों तक पहुंचाने की दिशा में अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि फेजर के वैश्विक ब्रांड और निर्माण विशेषज्ञता को रिलायंस के मजबूत वितरण नेटवर्क और भारतीय बाजार की समझ के साथ जोड़कर ग्राहकों को विश्वस्तरीय उत्पाद उपलब्ध कराये जा सकेंगे। इस साझेदारी के तहत फेजर के प्रीमियम चॉकलेट ब्रांड्स को रिलायंस के करीब 30 लाख रिटेल आउटलेट्स के नेटवर्क के जरिये बाजार में उतारा जायेगा।
उल्लेखनीय है कि साल 2022 में अपनी स्थापना के बाद आरसीपीएल ने चॉकलेट और कन्फेक्शनरी बाजार में तेजी से विस्तार किया है। कंपनी ने देश के पारंपरिक ब्रांड रावलगांव, टॉफीमैन और पान-पसंद को दोबारा बाजार में उतारा है। साथ ही लोटस चॉकलेट को भी अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Mar 07 , 2026, 08:40 AM