नयी दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (Senior Trinamool Congress) के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ'ब्रायन (Derek O'Brien) ने वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग की बढ़ती मौजूदगी का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्लोबल चिप दिग्गज ग्लोबलफाउंड्रीज ने कोलकाता के साल्ट लेक स्थित एसटीपीआई आईटी पार्क (STPI IT Park in Salt Lake) में अपना उन्नत सेमीकंडक्टर डिजाइन और टेस्टिंग सेंटर शुरू कर दिया है, जो देश के चिप मिशन को बड़ी मजबूती प्रदान करेगा। यह केंद्र गैलियम नाइट्राइड और रेडियो फ्रीक्वेंसी तकनीक पर ध्यान केंद्रित करेगा।
ओ'ब्रायन ने अपनी ऑनलाइन वीडियो शृंखला 'मॉर्निंग वॉक' के 13वें एपिसोड में सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी साझा की। इस वीडियो में उन्होंने शहर में कंपनी द्वारा किए जा रहे उन्नत सेमीकंडक्टर डिजाइन और अनुसंधान कार्यों का उल्लेख किया। यह वीडियो तृणमूल नेता के उस डिजिटल अभियान का हिस्सा है, जिसमें वह राज्य में आर्थिक और तकनीकी विकास से जुड़े पहलुओं को उजागर कर रहे हैं। वीडियो में ओ'ब्रायन ने कहा कि दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी चिप डेवलपर कंपनी ग्लोबलफाउंड्रीज़ ने पिछले वर्ष सेक्टर-पांच में अपनी गतिविधियां शुरू की थीं और यहां अत्याधुनिक तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं।
अमेरिका स्थित इस सेमीकंडक्टर कंपनी ने साल्ट लेक के सेक्टर-पांच स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) परिसर में एक डिजाइन, अनुसंधान और परीक्षण केंद्र स्थापित किया है। यह केंद्र चिप डिजाइन, परीक्षण और सत्यापन जैसी उन्नत तकनीकों पर काम कर रहा है, जिनमें गैलियम नाइट्राइड सेमीकंडक्टर, रेडियो-फ्रीक्वेंसी डिजाइन तकनीक और नॉन-वोलेटाइल मेमोरी जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार कोलकाता में यह केंद्र पूर्वी भारत में सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना में अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थानों और स्टार्टअप्स के साथ सहयोग तथा स्थानीय इंजीनियरिंग प्रतिभाओं को प्रशिक्षित करने के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम की भी योजना है। उन्होंने कहा कि कोलकाता में ग्लोबलफाउंड्रीज़ के प्रवेश की घोषणा भारत और अमेरिका के बीच तकनीकी सहयोग को मजबूत करने के प्रयासों के तहत की गई थी। यह देश में सेमीकंडक्टर डिजाइन और अनुसंधान क्षमताओं को बढ़ाने की व्यापक पहल का हिस्सा है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Mar 05 , 2026, 12:47 PM