Bomb Threat: उत्तर प्रदेश में वाराणसी की भेलूपुर पुलिस (Bhelupur police) ने वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी (senior advocate Shrinath Tripathi) को एसएमएस भेजकर कचहरी को बम से उड़ाने और उन्हें खत्म करने की धमकी देने वाले आरोपी को गुरुवार देर शाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रैसीपुर सत्तनपुर निवासी अजीत कुमार सरोज के रूप में हुई है। युवक से पूछताछ में पता चला कि वह विधि का छात्र है और कचहरी में नियमित रूप से आता-जाता रहता है। अपने एक पड़ोसी को फंसाने की नीयत से उसने यह हरकत की। जांच में युवक के एक युवती से प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है। युवती के परिजनों द्वारा संबंध का विरोध किए जाने की जानकारी मिली। आरोपी ने धमकी देने के लिए उसी युवती से जुड़े मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया था, ताकि परिजनों को फंसाया जा सके। सर्विलांस टीम और एसओजी की संयुक्त टीम ने चंद घंटों के भीतर ही नंबर का पता लगा लिया। फिलहाल युवक से आगे की पूछताछ जारी है।
होली से पहले प्रयागराज में निकली मुगदर बरात
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होली से पहले सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए दारागंज स्थित सेवा समिति और धकाधक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बृहस्पतिवार देर रात भव्य मुगदर बरात निकाली गई। पुष्पराज पांडेय के नेतृत्व में वैदिक पूजन के बाद संस्था के अध्यक्ष तीर्थराज पांडेय ‘बच्चा भैया’ और पार्षद अनुपमा पांडेय ने पहलवानों को टीका लगाकर मुगदर धारण कराया। मद्रासी मुगदर को दूल्हा बनाकर ट्रैक्टर पर विराजमान किया गया, जिसके पीछे ऊंट, घोड़े, डीजे और भांगड़ा दलों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बरात डॉ. प्रभात शास्त्री मार्ग से होते हुए निराला चौराहा पहुंची, जहां पहलवानों ने मुगदर भंजन प्रतियोगिता में अपने-अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का समापन धकाधक काव्य सम्मेलन के साथ हुआ, जिसमें शिवाकांत त्रिपाठी ‘सरस’, महक ज्ञानपुरी, विवेक सत्यांशु निखिल, मनीष पांडे, डॉ. पीयूष मिश्रा, डॉ. नीलिमा मिश्रा और सुधांशु शुक्ला सहित अन्य कवियों ने काव्य पाठ किया। संचालन डॉ. शंभूनाथ त्रिपाठी ‘अंशुल’ ने किया। इस अवसर पर विधायक दीपक पटेल, विधायक हर्षवर्धन, महापौर गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता तथा डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि मुगदर बरात के बाद होलिका दहन से एक दिन पूर्व पारंपरिक हथौड़ा बरात निकाली जाएगी, जिसका शहरवासियों को पूरे वर्ष इंतजार रहता है। यह बरात चौक कोतवाली घंटाघर होते हुए केसरवानी स्कूल में संपन्न होती है।
हथियार और कारतूस के साथ दो गिरफ्तार
बिहार में दरभंगा जिले की पुलिस ने जमालपुर थाना अंतर्गत फायरिंग की घटित घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो भाईयों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। बिरौल अनुमंडल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने शुक्रवार को बताया कि गुरूवार की शाम जमालपुर थानाध्यक्ष को सूचना प्राप्त हुई थी कि जमालपुर थाना अंतर्गत फायरिंग होने की घटना घटित हुई है। इस संबंध में जमालपुर थाना में कांड संख्या 22/26 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। उक्त कांड के अनुसंधान के क्रम में असामाजिक तत्वों के कुशेश्वरस्थान थाना अंतर्गत ब्रह्मपुर गॉव में छुपने की सूचना प्राप्त हुई।
उक्त सूचना के आलोक में कुशेश्वरस्थान थाना एवं जमालपुर थाना की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा छापामारी किया गया। तिवारी ने बताया कि छापामारी के क्रम में ब्रह्मपुर गॉव में मालती देवी के घर से मुक्तेश्वर मुखिया एवं राहुल मुखिया को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन दोनों के बताए गए ठिकाने से तीन देशी कट्टा, पांच कारतूस, एक खोखा एवं पांच मोबाइल फोन बरामद किया गया। दोनों अपराधियों की पहचान कुशेवरस्थान थाना के बर्रा गॉव निवासी गंगाराम मुखिया के दोनों पुत्र मुक्तेश्वर मुखिया एवं राहुल मुखिया के रूप में की गयी है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Feb 27 , 2026, 01:15 PM