तरनतारन। पंजाब में जिला तरनतारन के सेरों गांव स्थित सिद्धू फार्म में बुधवार को बाइक सवार शूटरों ने विवाह समारोह के दौरान गांव ठठियां महंतां के आम आदमी पार्टी से संबंधित सरपंच हरबिंदर सिंह उर्फ हैपी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में उनका एक चचेरा भाई भी घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर-राजस्थान नेशनल हाईवे पर स्थित गांव ठठियां महंतां निवासी किसान सेवा सिंह के पुत्र गुरसेवक सिंह का विवाह समारोह सिद्धू फार्म (Wedding Ceremony Sidhu Farm) में आयोजित किया गया था। आनंद कारज की रस्म के बाद मेहमान डीजे पर भांगड़ा डाल रहे थे और माहौल पूरी तरह जश्न में डूबा हुआ था। इसी दौरान अमृतधारी सरपंच हरबिंदर सिंह अपने रिश्तेदारों के साथ बैठकर खाना खा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक बाइक सवार दो युवक पैलेस के बाहर पहुंचे। कुछ ही क्षणों में उन्होंने पीछे से सरपंच हैपी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही समारोह में अफरातफरी मच गयी। हमले में उनका चचेरा भाई भी घायल हो गया। दोनों को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हरबिंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपअधीक्षक जगबीर सिंह, कमलजीत सिंह औलख और सीआईए स्टाफ के प्रभारी प्रभजीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पैलेस को घेरकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात गैंगस्टर गतिविधियों (Incident Gangster Activities)या संभावित रंगदारी से जुड़ी हो सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है। भरे समारोह में इस तरह की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गयीं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। सरपंच हरबिंदर सिंह की हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिन्दर सिंह राजा वडिंग ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, “ आप पंजाब सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है, आप नेता भी नहीं। कानून-व्यवस्था बिगड़ी हुई है और कोई जवाबदेही नहीं है। तरनतारन के आप सरपंच हरबिंदर सिंह की एक शादी समारोह में गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बस बहुत हो गया, पंजाब न्याय चाहता है, सिर्फ चुप्पी नहीं। ”



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Feb 18 , 2026, 07:31 PM