Expanding Bank Services: व्यवसाय प्रतिनिधियों के स्तर से बैंक सेवाओं के विस्तार पर चर्चा!

Wed, Feb 18 , 2026, 08:21 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

नयी दिल्ली: बैंक ऑन के व्यवसाय प्रतिनिधियों (बीसी) पर निगरानी संबंधी समिति की राजधानी में मंगलवार को आयोजित दसवीं बैठक की अध्यक्षता वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम. नागराजू ने की। वित्त मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार नागराजू ने सभी बैंकों को परामर्श दिया कि वे बीसी प्वाइंट्स पर उपलब्ध सेवाओं के दायरे को और अधिक व्यापक बनाएं तथा बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाओं की श्रृंखला का निरंतर विस्तार करें।वर्तमान में, अधिकांश बैंक बीसी प्वाइंट्स पर न्यूनतम 42 सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जिनमें खाता खोलना, नकद जमा एवं निकासी, री-केवाईसी, सूक्ष्म बीमा योजनाओं में नामांकन आदि प्रमुख हैं।

बैठक में निगरानी समिति के सदस्यों के साथ-साथ भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के वित्तीय समावेशन एवं विकास विभाग के मुख्य महाप्रबंधक, एनपीसीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कार्यकारी निदेशक, निजी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी, इंडियन बैंक एसोसिएशन, नाबार्ड और बीसी एसोसिएशन के अधिकारी उपस्थित थे। चर्चा के दौरान बीसी के कार्यकलापों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। इनमें बीसी एजेंटों द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाएं, बीसी की डिजिटल निगरानी, विशेषकर पूर्वोत्तर एवं पहाड़ी क्षेत्रों में बीसी एजेंटों की कमीशन संरचना, बीसी की जियोटैगिंग आदि प्रमुख क्षेत्र शामिल रहे। सभी कार्यसूची मदों पर हितधारकों की सक्रिय भागीदारी के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। 

नागराजू ने गत 20 नवंबर से बीसी रजिस्ट्री को क्रियान्वित करने में इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) के प्रयासों की सराहना की। इस रजिस्ट्री में नकली बीसी की पहचान, बीसी के प्रदर्शन से संबंधित सेवा रिकॉर्ड का संधारण आदि जैसी महत्वपूर्ण विशेषताएं शामिल हैं। समिति के सदस्य बैंकों द्वारा अपने बीसी प्वाइंट्स की जियोटैगिंग का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। नागराजू ने बैंकिंग व्यवस्था में बीसी संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए प्रक्रियाओं में निरंतर सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में बीसी संगठनों के समक्ष आने वाली विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया और उनके प्रभावी समाधान हेतु ठोस उपायों पर चर्चा की गई। अंत में, बैठक अध्यक्ष के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ सम्पन्न हुई।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups