मुंबई। टाटा स्टील का समेकित शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष (current financial year) की तीसरी तिमाही में आठ गुना से अधिक बढ़कर 2,730 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी को 295 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। कंपनी ने शुक्रवार को वित्तीय परिणामों (Financial Results) की घोषणा की। उसने बताया कि आलोच्य तिमाही के दौरान उसका कुल राजस्व 6.75 प्रतिशत बढ़कर 57,503 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारतीय कारोबार से उसका राजस्व 35,725 करोड़ रुपये रहा। सालाना आधार पर कच्चे इस्पात (Crude Steel) का उत्पादन 12 प्रतिशत बढ़कर 63.4 लाख टन हो गया। नीदरलैंड के कारोबार से प्राप्त राजस्व 135.4 करोड़ पाउंड और परिचालन पूर्व लाभ 5.5 करोड़ पाउंड रहा। ब्रिटेन के कारोबार का राजस्व 46.8 करोड़ पाउंड रहा जबकि वहां उसे परिचालन से 6.3 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
कंपनी ने बताया कि आलोच्य तिमाही में उसने 3,291 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश किया। इस दौरान शुद्ध ऋण 5,206 करोड़ रुपये घटकर 81,834 करोड़ रुपये रह गया। टाटा स्टील के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक टी.वी. नरेंद्रन (T.V. Narendran) ने कहा कि वैश्विक परिवेश पर आयात शुल्क, भू-राजनैतिक बदलावों और नीतिगत बाधाओं का असर देखा जा रहा है। चीन से इस्पात निर्यात में वृद्धि का असर इस्पात बाजार पर रहा। इस सभी के बीच टाटा स्टील का तिमाही प्रदर्शन मजबूत रहा। उन्होंने बताया कि वाहन निर्माता कंपनियों के लिये कंपनी की स्टील आपूर्ति सालाना 20 प्रतिशत बढ़ी। खुदरा कारोबार में भी तेजी रही।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Feb 06 , 2026, 07:42 PM