पटना: बिहार में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और विधान परिषद में दल के नेता डॉ मदन मोहन झा की सुरक्षा में कटौती पर बिहार कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष और मुख्य प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने गुरुवार को राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं।
प्रदेश प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा है कि दुर्भावनापूर्ण मानसिकता के तहत कांग्रेस के प्रमुख नेताओं की सुरक्षा घटाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कई वरिष्ठ नेताओं को जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है, वहीं कांग्रेस नेताओं को जानबूझकर असुरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध की नीति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य में पहले से ही अपराध और असुरक्षा का माहौल है। ऐसे समय में विपक्षी दल के नेताओं की सुरक्षा में कटौती करना निंदनीय है और इससे राजनीतिक डर पैदा करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को जनता का समर्थन प्राप्त है और पार्टी किसी भी तरह के दबाव से डरने वाली नहीं है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता ने राज्य सरकार से मांग की है कि कांग्रेस नेताओं की पुरानी वाई श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था तत्काल बहाल की जाये। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इस फैसले का हर स्तर पर विरोध करेगी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 23 , 2026, 08:49 AM