Mumbai Congress President Resignation: कांग्रेस को एक और झटका; मुंबई में इस्तीफा की मांग लेकिन ठाणे में जिला अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा!

Mon, Jan 19 , 2026, 09:06 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

मुंबई: महाराष्ट्र में हाल ही में संपन्न नगर निगम चुनावों में कांग्रेस पार्टी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए ठाणे जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत पाटिल ने रविवार को अपने पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। इस घटनाक्रम के बाद पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। वरिष्ठ नेता अब राज्य और महानगर स्तर पर जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) भाई जगताप ने मुंबई महानगरपालिका चुनावों में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ के इस्तीफे की खुली मांग की है।

इस्तीफा सौंपने से पहले पत्रकारों से बातचीत में पाटिल ने कहा कि उन्होंने ठाणे महानगरपालिका चुनाव महा विकास अघाड़ी के बैनर तले लड़ने की जोरदार पैरवी की थी, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया, जो पार्टी के लिए नुकसानदायक साबित हुआ। उन्होंने कहा, "इस फैसले के कारण ठाणे में पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ा। नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।" पाटिल ने यह भी संकेत दिया कि वे सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने पर विचार कर रहे हैं।

मुंबई में भी कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा और पार्टी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों में केवल 24 सीटें ही जीत सकी। परिणामों पर असंतोष जताते हुए भाई जगताप ने कहा कि कांग्रेस को अपने महा विकास आघाड़ी सहयोगियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षा गायकवाड़ ने अकेले चुनाव लड़ने का एकतरफा निर्णय लिया, जिसका खामियाजा पार्टी को हार के रूप में भुगतना पड़ा। जगताप ने कहा, "उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देना चाहिए।"

इस बीच कांग्रेस नेतृत्व ने श्री जगताप की टिप्पणियों को लेकर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिससे संकेत मिलता है कि पार्टी शीर्ष नेतृत्व बढ़ते असंतोष को काबू में करने की कोशिश कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, पुणे, पनवेल, नवी मुंबई, वसई-विरार, मीरा-भायंदर और नासिक सहित कई अन्य शहरों और क्षेत्रों में भी असंतोष के संकेत मिले हैं, जहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता नाराज कार्यकर्ताओं और नेताओं को मनाने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups