Lalan Singh: ललन ने प्रशांत और आरसीपी की जदयू में वापसी की संभावना को किया खारिज!

Mon, Jan 19 , 2026, 07:49 AM

Source : Uni India

पटना: केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने रविवार को कहा कि जन सुराज पार्टी के नेताओं प्रशांत किशोर और आरसीपी सिंह की जदयू में वापसी की कोई संभावना नहीं है। सिंह ने कहा कि इन दोनों नेताओं को जनता ने खारिज कर दिया है और अब बिहार की राजनीति में उनका कोई स्थान नहीं है। केन्द्रीय मंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि श्री किशोर ने पिछले बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भविष्यवाणी की थी कि जदयू पार्टी केवल 25 सीटों पर सिमट जाएगी। 

उन्होंने यह भी दावा किया था कि वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुख्यमंत्री के रूप में आखिरी राजनीतिक पारी है। जदयू के नेता ने सवाल किया कि श्री किशोर की भविष्यवाणियों और दावों का क्या हुआ? उन्होंने कहा कि श्री कुमार के नेतृत्व में पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू की सीटें 42 से बढ़कर 85 हो गईं और वह फिर से मुख्यमंत्री भी बन गये हैं। उन्होंने कहा कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के बाद किशोर की राजनीतिक हैसियत अब कुछ भी नही है।
श्री सिंह मीडिया के उन सवालों का जवाब दे रहे थे, जिनमें किशोर की जदयू में वापसी की संभावनाओं के बारे में पूछा गया था। 

पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में जनसुराज कोई सीट नहीं मिलने के बाद किशोर के जदयू में लौटने की अटकलें राजनीतिक गलियारों में लगाई जा रही थीं। जदयू नेता ने आरसीपी सिंह की पार्टी में वापसी की संभावनाओं पर कहा कि आरसीपी के अध्यक्ष रहते 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू की सीटें 71 से घटकर 42 रह गई थीं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की अब पार्टी में कोई जरूरत नहीं है। उल्लेखनीय है कि आरसीपी सिंह ने हाल ही में मीडिया से बातचीत में कहा था कि वह और नीतीश कुमार कभी अलग नहीं हुए।

सिंह ने कहा था कि नौकरशाही के अपने करियर और बाद में राजनीति में भी वह और कुमार हमेशा एक ही पन्ने पर रहे हैं और दोनों एक दूसरे को बहुत अच्छे से जानते और समझते हैं। आरसीपी 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जन सुराज में शामिल हुए थे। उन्होंने जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर की सराहना की थी और कहा था कि व्यवस्था और राजनीतिक परिदृश्य को बदलने का उनका प्रयास बिहार की राजनीति में बड़े अच्छे परिणाम देगा।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups