खरगे का बड़ा बयान: कांग्रेस के खत्म होने का सपना कभी पूरा नहीं होगा

Sun, Dec 28 , 2025, 03:16 PM

Source : Uni India

नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Congress President Mallikarjun Kharge) ने कहा है कि कांग्रेस (congress) का आधार जोड़ने वाली विचारधारा है और जो इसके खत्म होने का सपना देखते हैं उनकी मुराद कभी पूरी नहीं होगी और उन्हें समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस की सोच जोड़ती है और भाजपा की तोड़ती है।
श्री खरगे ने रविवार को सोशल मीडिया (Social media) एक्स पर एक पोस्ट में कहा "आज स्थापना दिवस पर एक बात साफ कहना चाहता हूँ, जो कहते हैं 'कांग्रेस खत्म हो गई है' मैं उन्हें बताना चाहता हूँ, हमारे पास सत्ता कम हो सकती है, लेकिन हमारी रीढ़ अभी भी सीधी है। हमने समझौता नहीं किया, न संविधान से, न धर्मनिरपेक्षता से और न गरीब के हक से। हम सत्ता में न हों, लेकिन सौदेबाज़ी नहीं करेंगे।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं माँगा और न कभी मंदिर मस्जिद से नफरत फैलाई।कांग्रेस जोड़ती है जबकि भाजपा तोड़ती है। काँग्रेस ने धर्म को आस्था ही रखा पर कुछ लोगों ने धर्म को राजनीति बना दिया। आज भजपा के पास सत्ता है लेकिन उनके पास सच्चाई नहीं है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा तोड़ने का काम करती है और इसीलिए कभी आंकड़े छुपाए जाते हैं, कभी जनगणना रोकी जाती है, कभी संविधान बदलने की बातें होती हैं और जो लोग आज इतिहास पर भाषण दे रहे हैं, उनके पूर्वज इतिहास से भाग रहे थे। कांग्रेस विचारधारा है और विचारधाराएँ कभी मरती नहीं हैं।
श्री खरगे ने एक और पोस्ट में कहा कि 2025 महात्मा गाँधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी था, संविधान को स्वीकार किए जाने का 75 वर्ष था, वंदे मातरम् की 150वीं जयंती है जबकि 2026 का वर्ष दादाभाई नौरोजी की 200वीं जयंती, सरोजिनी नायडू के कांग्रेस अध्यक्ष बनने का शताब्दी वर्ष, 'झंडा ऊँचा रहे हमारा' गीत की भी शताब्दी है। यह गीत दिसंबर 1925 में कानपुर कांग्रेस अधिवेशन में पहली बार गाया गया था।
उन्होंने देश के लोकतंत्र की प्रशंसा करते हुए कहा कि 1947 में भारत की आज़ादी के आसपास दुनिया के कई देश आज़ाद हुए। कुछ देश विफल रहे तो कहीं तानाशाही छा गयी। केवल भारत ऐसा है जहां लोकतंत्र जीवंत है।कांग्रेस के महान नेताओं के कारण भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बना है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups