मुंबई। नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (Navi Mumbai International Airport) पर गुरुवार को वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। बेंगलुरु से आई इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 460 (IndiGo flight 6E 460) सुबह 7.31 बजे पारंपरिक वाटर कैनन सैल्यूट के बीच यहां उतरी। पहली वाणिज्यिक उड़ान और क्रिसमस की खुशी में सभी यात्रियों का हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया और विशेष उपहार दिये गये। इसके बाद अकासा एयर की क्यूपी 1831 सुबह 7.40 बजे उतरी जो दिल्ली से आयी थी।
अडानी समूह के इस नये हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गत 08 अक्टूबर को किया था। फिलहाल यहां सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक ही उड़ानों का परिचालन होगा जिसमें प्रतिदिन अधिकतम 24 निर्धारित प्रस्थान उड़ानें होंगी।
पहले दिन इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और स्टार एयर घरेलू उड़ानों का परिचालन करेंगी जो देश के नौ शहरों को नवी मुंबई से जोड़ेंगी। गुरुवार को यहां से 17 उड़ानें रवाना होंगी और 15 यहां उतरेंगी। फरवरी 2026 से संचालन को चरणबद्ध तरीके से चौबीसों घंटे किया जायेगा।
नवी मुंबई हवाई अड्डे का विकास पांच चरणों में होना है। पहले दो चरणों में टर्मिनल-1 बनकर तैयार है। इसकी क्षमता सालाना दो करोड़ यात्रियों की है। अगले तीन चरणों में क्रमशः टर्मिनल-2, 3 और 4 का विकास किया जाना है। पूरी तरह विकसित होने के बाद इस हवाई अड्डा सालाना नौ करोड़ यात्रियों की आवाजाही को संभालने में सक्षम होगा। यह हवाई अड्डा मुंबई के उपनगरीय इलाके नवी मुंबई में स्थित है। यह ठाणे से 32 किलोमीटर और भिवंडी से 40 किलोमीटर की दूरी पर है। जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह से इसकी दूरी 14 किलोमीटर और मुंबई पोर्ट ट्रस्ट से 35 किलोमीटर है। टालोजा औद्योगिक क्षेत्र से यह 22 किलोमीटर की दूरी पर है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Dec 25 , 2025, 09:35 AM