नयी दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार पुरानी दिल्ली (Walled City) के सौंदर्यीकरण और सुनियोजित विकास को लेकर कृत- संकल्प है। गुप्ता ने अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक के बाद कहा कि दिल्ली सरकार वॉल्ड सिटी की विरासत को लौटाने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। इसके लिए जल्द ही शाहजहांनाबाद पुनर्विकास निगम (SRDC) का पुनर्गठन किया जाएगा, ताकि पुरानी दिल्ली का पुराना गौरव लौटे और यहां के स्थानीय निवासियों एवं व्यापारियों को समुचित नागरिक सुविधाएं मिलें। सरकार पुराने शहर का समग्र विकास करने की बड़ी योजनाएं बना रही है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की घोर लापरवाही के कारण इस क्षेत्र का बुरा हाल है। विशेषकर ऐतिहासिक बाजार चांदनी चौक में समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार वॉल्ड सिटी का गौरव लौटाने के लिए कृतसंकल्प है, इसके लिए योजनाएं बन रही हैं। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक का समुचित विकास इसलिए नहीं हो रहा है, क्योंकि वह तीन सरकारी एजेंसी के जिम्मे है, जिससे विकास कार्यों में लगातार देरी होती रहती है। सरकार एसआरडीसी का जल्द पुनर्गठन करेगी और इसके माध्यम से वॉल्ड सिटी में विकास कार्य शुरू करेगी। एसआरडीसी में विशेषज्ञों को भी शामिल किया जाएगा, जो हैरिटेज को संवारने की योग्यता रखते हों।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार चांदनी चौक बाजार को लेकर भी गंभीर है। यहां लाखों लोग घूमने और ख्ररीदारी के लिए आते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार को संवारने के लिए तेजी से कार्य किए जाएं। उन्होंने बताया कि बाजार में महिलाओं के लिए शौचालय की कमी है। उन्होंने संबंधित विभाग को आदेश दिए कि वे बाजार में तुरंत पिंक टॉयलेट का भी निर्माण करें।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Nov 19 , 2025, 08:39 PM