बिहार में 11 सीटों पर 1000 मतो से कम पर हुआ जीत हार का फैसला

Sun, Nov 16 , 2025, 03:39 PM

Source : Uni India

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) में इस बार 11 सीटों (11 seats) पर 1000 से भी कम मतों से जीत-हार का फैसला (Decision) हुआ।
इस बार के चुनाव में कांटे के मुकाबले वाली 11 सीटों में से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) (Rjd) ने तीन, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) (Jdu), लोक जनशक्ति पार्टी (Ljp) (रामविलास)  और कांग्रेस (Congress) ने दो-दो सीटों पर जीत दर्ज की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी एक-एक सीटें अपने नाम की। कांटे की लड़ाई में तीन सीटों संदेश, रामगढ़ और अगियांव (सुरक्षित) में हार-जीत का फैसला 100 मतो के अंतर से तय हुआ।
बिहार में इस बार सबसे नजदीकी मुकाबला संदेश विधानसभा क्षेत्र में हुआ, जहां जदयू उम्मीदवार राधा चरण साह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार दीपू सिंह को 27 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। जदयू उम्मीदवार श्री साह को 80598 मत मिले जबकि राजद के उम्मीवार श्री सिंह को 80571 मत प्राप्त हुये।वर्ष 2020 के चुनाव में इस सीट से राजद उम्मीदवार किरण देवी ने जीत हासिल की थी। राजद ने किरण देवी को बेटिकट कर उनके पुत्र दीपू सिंह को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा।
रामगढ़ विधानसभा सीट पर भी काफी रोचक मुकाबला देखने को मिला। बसपा के उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव ने भाजपा के उम्मीदवार और निवर्तमान विधायक अशोक कुमार सिंह को बेहद करीबी मुकाबले में 30 मतों के अंतर से मात दी। बसपा उम्मीदवार श्री यादव को 72689 मत मिले वहीं भाजपा के श्री सिंह को 72659 मत प्राप्त हुये। पूर्व सांसद जगतानंद सिंह के पुत्र और राजद उम्मीदवार अजीत सिंह तीसरे नंबर पर रहे।रामगढ़ सीट पर जगतानंद सिंह का दबदबा रहा है। उन्होंने यहां छह बार लगातार जीत दर्ज की है। वर्ष 2020 के चुनाव में जगदानंद के पुत्र सुधाकर सिंह ने यहां जीत दर्ज की थी। बक्सर से सांसद बनने के बाद उन्होंने यह सीट छोड़ दी थी। उप चुनाव में भाजपा के अशोक कुमार सिंह निर्वाचित हुये थे। बसपा ने पहली बार इस सीट पर जीत दर्ज की है।
अगियांव (सुरक्षित) सीट से भाजपा उम्मीदवार महेश पासवान ने भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा माले) उम्मीदवार और निवर्तमान विधायक शिव प्रकाश रंजन को बेहद करीबी मुकाबले में 95 मतों के अंतर से शिकस्त दी। भाजपा उम्मीदवार श्री पासवान को 69412 मत मिले जबकि भाकपा माले उम्मीदवार श्री रंजन को 69317 मत प्राप्त हुये।
नवीनगर विधानसभा सीट से पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह और सांसद लवली आनंद के पुत्र और जदयू उम्मीदवार चेतन आनंद ने कांटे की टक्कर में राजद उम्मीदवार आमोद कुमार सिंह को 112 मतों के अंतर से परास्त किया। श्री आनंद ने वर्ष 2020 के चुनाव में शिवहर विधानसभा सीट से राजद के टिकट पर जीत हासिल की थी। श्री आनंद इस बार राजद का साथ छोड़ भाजपा के खेमे में आ गये थे। नवीनगर से राजद ने निवर्तमान विधायक विजय कुमार सिंह को बेटिकट कर आमोद कुमार सिंह पर भरोसा जताते हुये उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह पार्टी की कसौटी पर खरे नहीं उतरे।
ढ़ाका विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार फैसल रहमान ने भाजपा प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक पवन कुमार जायसवाल को करीबी मुकाबले में 178 मतों के अंतर से मात दी।राजद उम्मीदवार श्री रहमान को 112727 मत मिले जबकि भाजपा के प्रत्याशी श्री जायसवाल को 112549 मत प्राप्त हुये।
फारविसगंज सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मनोज विश्वास ने भाजपा उम्मीदवार और निवर्तमान विधायक विद्यासागर केसरी को करीबी मुकाबले में 221 मतों के अंतर से हराया। कांग्रेस के प्रत्याशी श्री विश्वास को 120114 मत प्राप्त हुये जबकि भाजपा के प्रत्याशी श्री केसरी को 119893 मत मिले। कांग्रेस ने तीन दशक के बाद इस सीट पर वापसी की है। वर्ष 1985 में कांग्रेस के सरयू राय विजयी हुये थे। सरयू राय ने 1962 से 1985 तक लगातार सात बार इस सीट पर जीत दर्ज की है।
बलरामपुर सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की उम्मीदवार संगीता देवी ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रत्याशी मोहम्मद आदिल हुसैन को 389 मतो के अंतर से शिकस्त दी। संगीता देवी को 80459 मत मिले, जबकि आदिल हुसैन को 80070 मत प्राप्त हुये।इस सीट के निवर्तमान विधायक भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा माले) के निर्वतमान विधायक महबूब आलम तीसरे नंबर पर रहे।
चनपटिया सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक रंजन ने भाजपा उम्मीदवार और निवर्तमान विधायक उमाकांत सिंह को 602 मतों के अंतर से मात दी। कांग्रेस उम्मीदवार श्री रंजन को 87538 मत प्राप्त हुये, वहीं भाजपा के प्रत्याशी श्री सिंह को 86936 मत मिले।
जहानाबाद सीट से राजद उम्मीदवार राहुल कुमार ने जदयू उम्मीदवार पूर्व सांसद चंद्रेश्वर प्रसाद को 793 मतो के अंतर से शिकस्त दी।पूर्व सांसद जगदीश शर्मा के पुत्र और राजद उम्मीदवार राहुल कुमार को 86402 मत मिले, वहीं जदयू के प्रत्याशी श्री प्रसाद को 85609 मत प्राप्त हुये। जहानबाद के निवर्तमान विधायक सुदय यादव ने इस बार के चुनाव में अपना रण क्षेत्र बदल कर कुर्था सीट से अपनी तकदीर आजमायी लेकिन उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा।
बोधगया सीट से राजद प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक कुमार सर्वजीत ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार श्यामदेव पासवान को 881 मतो के अंतर से शिकस्त दी। राजद उम्मीदवार श्री सर्वजीत को 100236 मत मिले जबकि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रत्याशी श्री पासवान को 99355 मत मिले।
बख्तियापुर विधानसभा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार अरूण कुमार ने राजद उम्मीदवार और निवर्तमान विधायक अनिरूद्ध कुमार को 981 मतो के अंतर से पराजित कर दिया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार अरूण कुमार को 88520 मत मिले, वहीं राजद के प्रत्याशी अनिरूद्ध कुमार को 87539 मत प्राप्त हुये। राजद के निवर्तमान विधायक अनिरूद्ध कुमार ने इस सीट पर तीन बार जीत दर्ज की है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups