पश्चिमी चंपारण। गंडक नदी (Gandak River) की तलहटी में बसे बैजुआ गांव (Baijua village) में लोकतंत्र का उत्सव इस बार भी संघर्ष के बीच ही मनाया गया। बिहार के पश्चिमी चंपारण में करीब चार हजार की आबादी वाले बैजुआ गांव में ज्यादातर लोग खेती और पशुपालन पर निर्भर हैं। यादव समुदाय की बहुलता वाले इस इलाके में जब गंडक उफनती है तो पूरा गांव पलायन कर जाता है। बाढ़ मिट्टी बहा ले जाती है, घर फिर से बनते हैं और फिर अगली बरसात वही कहानी दोहराती है। लेकिन इन तमाम मुश्किलों के बावजूद बैजुआ के लोग वोट डालने से नहीं चूके। गांव में पोलिंग बूथ के लिए कोई पक्का भवन नहीं था, इसलिए बूथ संख्या 130 और 131 को बांस और तिरपाल से बने टेंट में तैयार किया गया। यही टेंट इस बार लोकतंत्र के मंदिर बन गए।
बूथों पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (Central Reserve Police Force) के सात जवान तैनात थे। इलाके को संवेदनशील माना गया है, जहां न मोबाइल नेटवर्क काम करता है, न बिजली की सुविधा है। सुरक्षा और पारदर्शिता की सीमित व्यवस्था के बीच मतदान हुआ।सुबह से ही मतदाता खुले आसमान के नीचे लंबी कतारों में खड़े दिखे। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी ने उत्साह के साथ मतदान किया। कुछ राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता मतदाताओं को खाना परोसते नजर आए, जो चुनाव आचार संहिता की अनदेखी थी, लेकिन प्रशासन की प्राथमिकता केवल शांतिपूर्ण मतदान कराना थी। सुबह के वक्त पेट्रोलिंग दल ट्रैक्टर पर सवार होकर गांव की ओर बढ़ रहा था। वही ट्रैक्टर जो किसान खेत जोतने में इस्तेमाल करते हैं, यहां पुलिस और मतदान कर्मियों का एकमात्र वाहन बन गया है।
यहां ड्यूटी पर तैनात एक अधिकारी ने बताया कि, ‘एक बूथ तक पहुंचने में चार घंटे लगते हैं। बारिश के बाद रास्ता ही बदल जाता है। कीचड़ महीनों तक सूखता नहीं।‘ वहीं उनके साथ मौजूद एक महिला सिपाही ने कहा कि, ‘यहां ड्यूटी निभाना सबसे मुश्किल है। ना सड़क है, ना छाया। पैरों में लगा कीचड़ उतरता ही नहीं है।‘ गांव की ओर जाते रास्ते में तीन ट्रैक्टर मिले, जिन पर महिलाएं और पुरुष बैठे थे। सभी नदी पार कर वोट डालने जा रहे थे। उनमें से लगभग 50 वर्षीय एक महिला ने मुस्कराते हुए कहा कि, ‘साहब कहते हैं डेढ़ किलोमीटर में बूथ देंगे, पर हम 9 किलोमीटर चल के वोट देते हैं। बिजली- सड़क नहीं है, लेकिन वोट जरूर देंगे।‘ एक महिला मतदाता बोलीं, ‘सरकार वाले वोट मांगने आते हैं, लेकिन चुनाव के बाद कोई नहीं दिखता। गैस मिली है, पर चूल्हा अब भी लकड़ी का जलता है। अस्पताल 10 किलोमीटर दूर है।‘
कीचड़ में ट्रैक्टर आगे बढ़ रहा था, बच्चे हंस रहे थे पर यह उनके जीवन का खेल नहीं, मजबूरी का दृश्य था। एक मतदाता ने कहा, ‘हमने 9 किलोमीटर चलकर वोट दिया। आजाद देश में भी गुलामी झेल रहे हैं। सड़क और बिजली अब भी सपना हैं।‘
रास्ता ऐसा था मानो नदी के भीतर चलना पड़ रहा हो। कई जगह नाव से पार कर जंगल के रास्ते बूथ तक पहुंचना पड़ा।
दियारा इलाके में ट्रैक्टर और बाइक तो चलते हैं, लेकिन पेट्रोल पंप नहीं। एक युवक बोला, ‘पानी सब बहा ले जाता है, इसलिए बोतल में पेट्रोल लाते हैं। पुल बनेगा तो पंप भी बनेगा, पर सारे वादे अधूरे हैं।‘ घाट पर महिलाएं नाव में बैठी थीं। उन्होंने कहा, ‘वोट तो दे रहे हैं, अब नाव और पक्का घाट भी दिलवा दीजिए। रोज जान जोखिम में पड़ती है।‘
बैजुआ पंचायत के बैजूपुर टोले में सिर्फ 15– 20 झोपड़ियां हैं। वहां न बिजली है, न साफ पानी। एक परिवार ने मिट्टी के घर के बाहर सोलर पैनल दिखाया, मजदूरी कर खरीदा हुआ। उज्ज्वला योजना का सिलेंडर धूल में पड़ा था, पास में लकड़ी का चूल्हा जल रहा था।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Nov 13 , 2025, 08:38 PM